Mahoba News: महोबा में ऑपरेशन त्रिनेत्र: हाईटेक ANPR कैमरों से अपराध और ट्रैफिक पर सख्त निगरानी

Mahoba News: महोबा में ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत हाईटेक ANPR कैमरे लगाए गए हैं, जो वाहनों की नंबर प्लेट पहचानकर अपराध और यातायात पर नजर रखेंगे।

By :  Imran Khan
Update:2026-05-06 20:05 IST

Mahoba News

Mahoba News: महोबा में अब अपराधियों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों की खैर नहीं। पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देशन में जनपद को 'तीसरी आंख' के पहरे में लाया गया है। ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत शहर के प्रमुख चौराहों और यूपी-एमपी बॉर्डर पर अत्याधुनिक ANPR कैमरे लगाए गए हैं, जो स्वचालित रूप से वाहनों की नंबर प्लेट पढ़ सकेंगे। यही नहीं, इन्हीं कैमरों की मदद से अपराधियों की गतिविधियों पर भी पुलिस की नजर बनी रहेगी।

महोबा जनपद अब महानगरों की तर्ज पर हाईटेक सुरक्षा घेरे में तब्दील हो चुका है। पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह की इस विशेष पहल ने अपराधियों पर नकेल कसने की तैयारी पूरी कर ली है। शहर के व्यस्ततम चौराहों से लेकर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमाओं तक अब इंटेलिजेंट सर्विलांस कैमरों का जाल बिछाया जा रहा है।इन कैमरों की सबसे बड़ी खासियत इनका ANPR सिस्टम है। ये कैमरे विशेष रूप से वाहनों की नंबर प्लेट को दूर से ही पढ़ने के लिए डिजाइन किए गए हैं। चाहे वाहन की रफ्तार तेज हो या रात का अंधेरा, हाई-रेजोल्यूशन और अधिक मेगापिक्सल वाले ये कैमरे हर गतिविधि को पुलिस लाइन स्थित आधुनिक कमांड सेंटर तक पहुँचाएंगे।

चोरी के वाहनों या प्रतिबंधित गाड़ियों के शहर में प्रवेश करने पर उनकी पहचान आसानी से की जा सकेगी।यातायात पुलिस द्वारा इन कैमरों को ऊँचाई पर लगाने के लिए बुलडोजर तक का सहारा लिया जा रहा है, ताकि कोई भी कोना नजरों से ओझल न रहे। शहर के प्रमुख स्थल जैसे चंद्रिका चौराहा, लवकुश नगर तिराहा, उदल चौक, आल्हा चौक, सुभाष चौक, पुलिस लाइन तिराहा तथा एमपी-यूपी बॉर्डर को पूरी तरह कवर किया गया है। इतना ही नहीं, हादसों के लिए संवेदनशील कबरई और श्रीनगर बॉर्डर पर भी ये कैमरे मुस्तैद हैं।

अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह ने बताया कि शासन की इस मंशा का उद्देश्य अपराध पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाना है। उन्होंने बताया कि ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के माध्यम से अब तक कई बड़ी घटनाओं का खुलासा किया जा चुका है। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि वे अपने घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में अधिक से अधिक सीसीटीवी लगवाएं, ताकि महोबा को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जा सके।उम्मीद है कि तकनीक का यह पहरा जनपद की सुरक्षा व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव लाने में सफल होगा।

Tags:    

Similar News