Mahoba: महोबा कलेक्ट्रेट में मेधावियों का सम्मान, डीएम गजल भारद्वाज ने टॉपर्स को दिए सफलता के मंत्र

Mahoba News: महोबा में यूपी बोर्ड 2026 के मेधावी छात्रों को डीएम गजल भारद्वाज ने सम्मानित किया। कार्यक्रम में टॉपर्स को प्रमाण पत्र और मोमेंटो देकर भविष्य के लिए प्रेरित किया गया।

By :  Imran Khan
Update:2026-05-06 18:06 IST

Mahoba News

Mahoba News: महोबा कलेक्ट्रेट सभागार में आज जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए सम्मान समारोह का आयोजन हुआ जिसमें जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने यूपी बोर्ड 2026 के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट टॉपर्स को सम्मानित किया। प्रमाण पत्र और मोमेंटो पाकर छात्र उत्साहित दिखे। इस दौरान न केवल सफलता का जश्न मना, बल्कि डीएम ने बच्चों से उनके अनुभव साझा कर उन्हें करियर के सुनहरे सुझाव भी दिए। 

महोबा के कलेक्ट्रेट सभागार में आज मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान हुआ है। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित इस सम्मान समारोह में यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के जिला टॉप-5 मेधावियों को सम्मानित किया गया। इन होनहारों को प्रमाण पत्र, मोमेंटो और बैग देकर उनका हौसला बढ़ाया गया।इंटरमीडिएट में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली श्रीकाशी प्रसाद इंटर कॉलेज की छात्रा आन्या गुप्ता 90.40% को डीएम ने विशेष रूप से सम्मानित किया। इसी क्रम में क्षितु सोनी, प्रिंसी, रफीकुन और अभिषेक कुमार को भी उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई मिली। वहीं हाईस्कूल में जिले की टॉपर वैष्णवी 96% और द्वितीय स्थान पर रहे मोहम्मद फैजान खान सहित प्रियांशी, उज्जवल और निधि को मंच से सम्मानित किया गया।

​समारोह की सबसे खास बात रही जिलाधिकारी और बच्चों के बीच का सीधा संवाद। डीएम गजल भारद्वाज ने बच्चों से उनकी तैयारी, संघर्ष और भविष्य के लक्ष्यों पर चर्चा की। छात्रों ने भी करियर को लेकर जिलाधिकारी से सवाल पूछे, जिस पर उन्हें बेहतर मार्गदर्शन मिला। जिलाधिकारी ने बताया कि इन टॉपर्स को एक विशेष जिम्मेदारी दी गई है वे अपने स्कूलों की बेहतरी के लिए सुझाव देंगे, चाहे वह प्रैक्टिकल लैब हो या वॉटर मैनेजमेंट। इन सुझावों को जिला प्रशासन लागू करने का प्रयास करेगा ताकि आगामी वर्षों में जिले का प्रदर्शन और बेहतर हो सके।

सम्मान पाकर छात्र बेहद उत्साहित दिखे। इंटर टॉपर आन्या गुप्ता और हाईस्कूल टॉपर वैष्णवी, दोनों ने ही जिलाधिकारी से प्रेरित होकर भविष्य में IAS बनने का संकल्प दोहराया। रोडवेज बस चालक के बेटे और हाईस्कूल में दूसरा स्थान पाने वाले मोहम्मद फैजान ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों और माता-पिता को दिया।अभिभावकों और शिक्षकों की मौजूदगी में हुआ यह आयोजन न केवल एक सम्मान समारोह था, बल्कि जिले के हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का एक नया अध्याय भी बन गया।

Tags:    

Similar News