Mainpuri News: सपा नेता विनोद सविता का भाजपा पर हमला, पीडीए और कानून व्यवस्था को लेकर उठाए सवाल

Mainpuri News: मैनपुरी पहुंचे सपा के पूर्व राज्य मंत्री विनोद सविता ने भाजपा सरकार पर पीडीए समाज की अनदेखी और कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव में सपा की जीत का दावा किया।

Update:2026-08-13 19:03 IST

Mainpuri News

Mainpuri News: मैनपुरी में समाजवादी पार्टी के पूर्व राज्य मंत्री विनोद सविता गुरुवार को पहुंचे। उन्होंने जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे जनसंवाद कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति बताई। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समाज के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

विनोद सविता ने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम का उद्देश्य पीडीए समाज के लोगों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और मुद्दों को समझना है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में इस समाज को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। भर्तियों में ओबीसी वर्ग को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं मिलने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि युवाओं में रोजगार और सरकारी भर्तियों को लेकर नाराजगी है।कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भी सविता ने प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं और महिलाओं में भी सरकार के प्रति असंतोष है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश का शायद ही कोई ऐसा जिला होगा, जहां एक-दो महीने के अंतराल में हत्या की घटना न होती हो। मुख्यमंत्री के गृह जनपद में हुई घटनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए।

उन्होंने सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति पर आरोप लगाया कि अपराध के मामलों में कार्रवाई हमेशा निष्पक्ष तरीके से नहीं होती। उन्होंने दावा किया कि पीडीए समाज के कई लोगों को निर्दोष होने के बावजूद जेल भेजा गया है। उन्होंने जेलों में बंद लोगों के वर्गीय आंकड़ों की स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराने की मांग की।भाजपा द्वारा अखिलेश यादव पर पीडीए की परिभाषा स्पष्ट न करने के आरोप पर सविता ने कहा कि अखिलेश यादव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक और अगड़ा समेत सभी समाज व्यापक पीडीए सोच का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सभी वर्गों का सम्मान करती है।

आजम खान को लेकर उन्होंने कहा कि वह पार्टी के बड़े नेता हैं और 2027 में सपा सरकार बनने पर उन्हें बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। हालांकि अंतिम फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव करेंगे।2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर सविता ने दावा किया कि सपा पूरी तरह तैयार है और जनता अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने का मन बना चुकी है। विकास कार्यों को लेकर भी उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और जेवर एयरपोर्ट का उदाहरण देते हुए सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।

Tags:    

Similar News