Mainpuri News: विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
Mainpuri News: मैनपुरी में 26 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की है।
Mainpuri News: मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र के कुसमरा कस्बे के रामनगर मोहल्ले में 26 वर्षीय विवाहिता लक्ष्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। मृतका लक्ष्मी पत्नी कन्हैया की मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका के मायके वालों का आरोप है कि लक्ष्मी को ससुराल पक्ष के लोग काफी समय से प्रताड़ित कर रहे थे। परिजनों का दावा है कि साजिश के तहत उसकी हत्या की गई और बाद में शव को फंदे पर लटका दिया गया, ताकि घटना को आत्महत्या का रूप दिया जा सके। मायके पक्ष ने पति कन्हैया के अलावा उसकी बहन रानी, पत्नी नवल समेत अन्य ससुरालियों पर भी हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है।
परिजनों का आरोप
परिजनों के मुताबिक, उन्हें घटना की जानकारी रात करीब नौ बजे दी गई। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग कुसमरा पहुंचे, जहां घर में कोहराम मच गया। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष के कुछ लोग मौके से निकलने का प्रयास कर रहे थे। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुलिस स्तर पर पुष्टि नहीं हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही किशनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक गगन गौड़ ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही विवाहिता की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने मायके पक्ष की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। मृतका के परिजनों ने निष्पक्ष जांच, आरोपियों की भूमिका की पड़ताल और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।