Mathura News: अड़ींग पंचायत की 39 करोड़ की ग्रांट में गड़बड़ी के आरोप, चार माह से जांच जारी

Mathura News: अड़ींग पंचायत की 39 करोड़ की परफॉर्मेंस ग्रांट में कथित गड़बड़ी की जांच चार माह से जारी, ग्रामीणों ने कार्रवाई में देरी पर सवाल उठाए।

Update:2026-08-13 21:30 IST

Mathura News: गोवर्धन क्षेत्र की ग्राम पंचायत अड़ींग में 39 करोड़ रुपये की परफॉर्मेंस ग्रांट में कथित अनियमितताओं की जांच चार माह से जारी है, लेकिन अब तक कार्रवाई सामने नहीं आई है। डीएम के आदेश पर जिला स्तरीय और लोकायुक्त के निर्देश पर मंडलीय स्तर की जांच चल रही है।

जिला स्तरीय समिति के प्रभारी एसडीएम अखिलेश कुमार 16 मई को करीब एक सैकड़ा पत्रावलियां साथ ले गए थे। 13 अगस्त को टीम ने अड़ींग पहुंचकर रतन पार्क उत्सव केंद्र का निरीक्षण किया। ग्रामीणों ने बंद आरओ प्लांट और खराब सोलर हाईमास्ट लाइटों की शिकायत की। इस दौरान पंचायत सचिव द्वारा ग्रामीणों की बात काटने पर एसडीएम ने उन्हें फटकार लगाई। ग्रामीणों ने लिखित शिकायत भी दी।

टीम ने ब्रज वाटिका और आसपास की कुछ सीसी सड़कों की पैमाइश की, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार सड़कों में मानक से कम गिट्टी डाले जाने की जांच के लिए सैंपलिंग नहीं की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि कई कार्यों में मानकों की अनदेखी हुई है।

लोकायुक्त के निर्देश पर 8 मई को आगरा में तीन सदस्यीय मंडलीय जांच समिति गठित की गई थी। शिकायतकर्ता से जांच के बिंदु भी मांगे गए, लेकिन आरोप है कि समिति अब तक गांव में मौके पर जांच करने नहीं पहुंची। शिकायतकर्ता अजीत सैनी ने इसकी शिकायत लोकायुक्त से की है।

शिकायतों में करीब 60 लाख रुपये की सोलर स्ट्रीट व हाईमास्ट लाइटों, श्मशान स्थल, विश्वकर्मा मार्केटिंग कॉम्प्लेक्स की दुकानों, बारातघर व स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के आवंटन, पंचायत बोर्ड भंग होने के बाद करीब एक करोड़ की निकासी, ट्रैक्टर-ट्रॉली खरीद और करीब 70 लाख रुपये के अनुपयोगी आरओ प्लांट व सोलर स्टेशन से जुड़े आरोप शामिल हैं।

जांच अधिकारी से पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन फोन नहीं उठा और व्हाट्सऐप संदेश का भी जवाब नहीं मिला।

Tags:    

Similar News