Mathura News: रतन पार्क के पास गंदगी का अंबार, स्वच्छता पुरस्कार प्राप्त अड़ींग पंचायत पर सवाल
Mathura News: स्वच्छता पुरस्कार प्राप्त अड़ींग पंचायत में रतन पार्क के पास गंदगी का अंबार, मंदिर के आसपास सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल।
Mathura News
Mathura News: प्रदेश स्तरीय स्वच्छता पुरस्कार प्राप्त अड़ींग पंचायत की जमीनी हकीकत रतन पार्क के निकट बिहारी जी मंदिर के आसपास देखने को मिल रही है। मंदिर के समीप सड़क पर जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। नालियों की सफाई नहीं होने और कूड़े के नियमित उठान की व्यवस्था न होने से स्थानीय लोगों के साथ श्रद्धालुओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है। सड़क किनारे जमा गंदगी और गंदे पानी के कारण पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैलती रहती है। मंदिर के पास से गुजरने वाले श्रद्धालुओं को भी इसी गंदगी के बीच होकर निकलना पड़ता है। लोगों का आरोप है कि कई बार संबंधित अधिकारियों और पंचायत स्तर पर शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया।
गंदगी से परेशान लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि एक ओर पंचायत को प्रदेश स्तर पर स्वच्छता के लिए पुरस्कार मिला है, वहीं दूसरी ओर तीर्थस्थली में मंदिर के आसपास सफाई व्यवस्था की यह स्थिति जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि यही व्यवस्था बनी रही तो बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के बीच क्षेत्र की कैसी छवि बनेगी।
लोगों का कहना है कि सरकार स्वच्छता और बेहतर सुविधाओं के दावे करती है, लेकिन धरातल पर स्थिति अलग दिखाई देती है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और पंचायत अधिकारियों से तत्काल सफाई अभियान चलाने, नालियों की नियमित सफाई कराने तथा कूड़ा उठाने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे उच्च अधिकारियों से शिकायत करने को मजबूर होंगे।