Mathura News: गोवर्धन में साधु वेशधारी पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, पुलिस जांच में जुटी

Mathura News: गोवर्धन में साधु वेशधारी व्यक्ति पर 13 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म का आरोप, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मेडिकल और डिजिटल साक्ष्यों की जांच शुरू की।

Update:2026-07-30 20:29 IST

Mathura News: गोवर्धन थाना क्षेत्र की इंदिरा कॉलोनी में साधु वेशधारी एक व्यक्ति पर 13 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। घटना की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। परिजनों की सूचना पर स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी पिछले करीब तीन महीने से इंदिरा कॉलोनी में किराये के मकान में रह रहा था। आरोप है कि उसने कुछ दिन पहले बहाने से नाबालिग को अपने कमरे पर बुलाया। वहां उसके साथ अशोभनीय हरकत की और मोबाइल से आपत्तिजनक वीडियो बना लिए। विरोध करने पर उसने बालिका को धमकाया, जिससे वह कई दिनों तक डरी रही और किसी को घटना की जानकारी नहीं दी। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने बाद में उसके साथ दुष्कर्म भी किया।

काफी दिनों बाद बालिका ने साहस जुटाकर पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग आरोपी के ठिकाने पर पहुंचे और उसे पकड़ लिया। लोगों ने उसे पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में मोबाइल से कुछ आपत्तिजनक वीडियो मिलने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि ये वीडियो कई दिन पुराने प्रतीत हो रहे हैं और उनकी सत्यता की जांच की जा रही है। डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित कर फोरेंसिक परीक्षण की प्रक्रिया भी अपनाई जा रही है।

सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट, मोबाइल से मिले डिजिटल साक्ष्य तथा अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Tags:    

Similar News