Mathura News : मुड़िया मेले में श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा, गुलाब जल और इत्र से हुआ भव्य स्वागत

Mathura News : गोवर्धन के राजकीय गुरु पूर्णिमा (मुड़िया) मेले में देश-विदेश से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं का पुष्प वर्षा, गुलाब जल और इत्र से भव्य स्वागत किया गया।

Update:2026-07-29 19:27 IST

Mathura News 

Mathura News: ब्रज की धार्मिक नगरी गोवर्धन में आयोजित राजकीय गुरु पूर्णिमा (मुड़िया) मेले के दौरान मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और आतिथ्य का अनूठा संगम देखने को मिला। गिरिराज महाराज की सप्तकोसीय परिक्रमा के लिए देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से पहुंचे लाखों श्रद्धालुओं का नगर पंचायत और स्थानीय प्रशासन ने पुष्प वर्षा, गुलाब जल तथा इत्र छिड़ककर भव्य स्वागत किया। लगातार तीसरे दिन चले इस विशेष स्वागत कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं के उत्साह को और बढ़ा दिया।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक ठाकुर मेघश्याम सिंह, नगर पंचायत चेयरमैन, सभासदों और प्रशासनिक अधिकारियों ने परिक्रमा मार्ग पर पहुंचकर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया। स्वागत के दौरान श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए गए और गुलाब जल का छिड़काव किया गया। इस आत्मीय स्वागत से अभिभूत श्रद्धालुओं ने इसे यादगार अनुभव बताते हुए आयोजन की सराहना की।

जनप्रतिनिधियों ने बताया कि श्रद्धालुओं के सम्मान की यह परंपरा देवशयनी एकादशी से शुरू की गई थी। पहले दिन भी परिक्रमा मार्ग पर पुष्प वर्षा और गुलाब जल के माध्यम से श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया था। उनका कहना था कि देश-विदेश से हजारों किलोमीटर की यात्रा कर गिरिराज महाराज की परिक्रमा और दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं का सम्मान करना सभी का नैतिक दायित्व है।

उन्होंने कहा कि इसी भावना के साथ प्रतिदिन स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि गोवर्धन आने वाले श्रद्धालुओं को ब्रज की संस्कृति, सेवा और आतिथ्य का अनुभव हो सके। प्रशासन और नगर पंचायत की ओर से मेले में सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, चिकित्सा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार का सम्मान उनकी धार्मिक यात्रा को और अधिक सुखद एवं अविस्मरणीय बना देता है।

Tags:    

Similar News