Mathura: मुड़िया पूर्णिमा मेले में कृष्ण जन्मभूमि से जुड़े ऐतिहासिक दस्तावेजों की प्रदर्शनी आयोजित
Mathura News: मथुरा के गोवर्धन में मुड़िया पूर्णिमा मेले के दौरान राधाकुंड स्थित आश्रम में श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े ऐतिहासिक दस्तावेजों और सामग्री की प्रदर्शनी लगाई गई।
Mathura News
Mathura News: मुडिया पूर्णिमा मेले के अवसर पर गिरिराज महाराज की परिक्रमा के लिए उमड़े श्रद्धालुओं के बीच मंगलवार को राधाकुंड स्थित श्री गुरु कार्ष्णि बृजनन्द उदासीन आश्रम (बागड़ी की प्याऊ) में श्रीकृष्ण जन्मभूमि से संबंधित ऐतिहासिक दस्तावेजों और सामग्री की प्रदर्शनी आयोजित की गई। आयोजनकर्ताओं के अनुसार, प्रदर्शनी का उद्देश्य श्रीकृष्ण जन्मभूमि के इतिहास तथा न्यायालय में विचाराधीन श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह प्रकरण से जुड़े पक्ष की जानकारी श्रद्धालुओं तक पहुंचाना था।
प्रदर्शनी का आयोजन हिंदू पक्षकार महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में चलाए जा रहे जनजागरण अभियान के तहत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आश्रम के संस्थापक स्वामी रविन्द्रानंद जी महाराज ने पंपलेट वितरित कर किया। इस दौरान स्वामी विश्वात्मानंद जी महाराज और संत श्यामानंद जी महाराज भी उपस्थित रहे।प्रदर्शनी में विभिन्न ऐतिहासिक ग्रंथों, अभिलेखों और दस्तावेजों के आधार पर तैयार सामग्री प्रदर्शित की गई। श्रद्धालुओं को आयोजनकर्ताओं की ओर से बताया गया कि इन दस्तावेजों के आधार पर न्यायालय में हिंदू पक्ष अपना दावा प्रस्तुत कर रहा है। साथ ही श्रीकृष्ण जन्मभूमि के इतिहास और प्रकरण से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई गई। मेले में पहुंचे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और विषय से जुड़ी जानकारी प्राप्त की।
स्वामी रविन्द्रानंद जी महाराज ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि का इतिहास अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी में प्रदर्शित सामग्री विभिन्न ऐतिहासिक पुस्तकों और अन्य स्रोतों से संकलित की गई है तथा श्रद्धालुओं से इन तथ्यों को जानने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।महेंद्र प्रताप सिंह एडवोकेट ने कहा कि मुडिया पूर्णिमा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी जनजागरण के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है और हिंदू पक्ष उपलब्ध ऐतिहासिक दस्तावेजों एवं अभिलेखों के आधार पर अपना पक्ष रख रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अभियान संवैधानिक और न्यायिक प्रक्रिया के अनुरूप चलाया जा रहा है।
प्रदर्शनी स्थल पर श्रद्धालुओं को पंपलेट भी वितरित किए गए, जिनमें श्रीकृष्ण जन्मभूमि के इतिहास, न्यायालय में लंबित वाद तथा अभियान के उद्देश्य की जानकारी दी गई। आयोजन में सुनील सिंह, निर्मला सिंह, सोनिया, सुनीता, शिखा सिंह, शिवम कुमार, विशाल सिंह, कान्हा, रवि कुमार, मोनू चौधरी, दिलीप चौधरी और धर्म सिंह सहित अन्य सहयोगियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। आयोजनकर्ताओं के अनुसार, मेले में आने वाले बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं तक इस अभियान का संदेश पहुंचा।