Mathura News: मेहनत और लगन से मिली सफलता, 35 प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र

Mathura News: मथुरा में कृषि विभाग के 35 नवचयनित प्राविधिक सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। जिलाधिकारी ने चयनित युवाओं को बधाई देकर निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने की प्रेरणा दी।

By :  Avnish Pal
Update:2026-08-25 17:51 IST

Mathura News

Mathura News: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा कृषि विभाग के लिए चयनित अभ्यर्थियों को मंगलवार को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के नव चयनित 3446 प्राविधिक सहायकों और 126 मंडी सचिवों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण मथुरा कलेक्ट्रेट सभागार में भी किया गया।

इस दौरान जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, उप कृषि निदेशक आवेश कुमार सिंह, भूमि संरक्षण अधिकारी, कृषि विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, नव चयनित अभ्यर्थी और उनके अभिभावक मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद जिलाधिकारी ने जनपद मथुरा के 35 नव चयनित प्राविधिक सहायकों (ग्रुप-सी) को नियुक्ति पत्र वितरित किए।नियुक्ति पत्र प्राप्त करते ही अभ्यर्थियों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी। जिलाधिकारी ने सभी चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह उनके जीवन का महत्वपूर्ण और गौरवपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों ने मेहनत, लगन, धैर्य और दृढ़ संकल्प के बल पर यह सफलता हासिल की है। उनकी उपलब्धि न केवल परिवार के लिए गर्व का विषय है, बल्कि अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।

जिलाधिकारी ने नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और समर्पण का विशेष महत्व है। कर्मचारियों का व्यवहार और कार्यशैली विभाग तथा शासन-प्रशासन की छवि को प्रभावित करती है।उन्होंने सभी से किसानों और आमजन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने तथा अपने पद की गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद अभ्यर्थियों और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल रहा।

Tags:    

Similar News