Mathura News: मथुरा में ओवरटेक के दौरान पलटी रोडवेज बस, एक यात्री की मौत, 15 घायल
Mathura News: मथुरा के फरह क्षेत्र में गोवर्धन से आगरा जा रही रोडवेज की अनुबंधित बस ओवरटेक के दौरान अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हुए हैं।
Mathura News
Mathura News: थाना फरह क्षेत्र में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गोवर्धन से आगरा जा रही रोडवेज की अनुबंधित बस टोल प्लाजा से पहले ओवरटेक करने के प्रयास में अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और पलट गई। हादसे में बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना में कुल 15 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान एक यात्री की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। बाकी यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया।
नगर पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस चालक किसी वाहन को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और पलट गई। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। साथ ही बस में सवार यात्रियों और घायलों से पूछताछ कर हादसे से जुड़ी पूरी जानकारी एकत्र की जा रही है।पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया।