Mathura News: यमुना खादर में जमीन विवाद: गौशाला निर्माण रोकने के आरोप, साधु ने लगाई न्याय की गुहार
Mathura News: धार्मिक नगरी मथुरा की यमुना खादर भूमि एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गई है।
Mathura News(Photo-Social Media)
Mathura News: धार्मिक नगरी मथुरा की यमुना खादर भूमि एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गई है। प्रशासनिक खामियों और भूमि प्रबंधन की जटिलताओं का लाभ उठाकर जहां भू-माफिया और जमीनों के दलाल सक्रिय हैं, वहीं आम खरीददार अपनी गाढ़ी कमाई दांव पर लगाने को मजबूर हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जिसमें वैधानिक रूप से भूमि की रजिस्ट्री कराने के बावजूद एक साधु को अपनी जमीन पर गौशाला निर्माण के लिए अधिकारियों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
मूल रूप से गांव रांधेरा निवासी साधु बालकृष्ण दास उर्फ ताराचंद ने बताया कि उन्होंने यमुना खादर क्षेत्र के खसरा संख्या 50/1 में 200 वर्ग गज भूमि अपनी पत्नी पूजा देवी के नाम से विधिवत रजिस्ट्री कराई थी। उनका कहना है कि गुरु दीक्षा के बाद उन्होंने अपना नाम बदलकर बालकृष्ण दास रखा और उक्त भूमि पर गौशाला निर्माण के उद्देश्य से चारदीवारी का कार्य शुरू कराया।
आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान पड़ोस में रहने वाली शिखा शर्मा अपने पति के साथ मौके पर पहुंचीं और निर्माण रुकवा दिया। साधु का कहना है कि दोनों ने भूमि को सरकारी बताते हुए निर्माण जारी रखने के बदले पांच लाख रुपये की मांग की। कथित तौर पर कहा गया कि रकम न देने पर किसी भी स्थिति में निर्माण नहीं होने दिया जाएगा।
बालकृष्ण दास का आरोप है कि शिखा शर्मा, उनके पति और कुछ अन्य लोगों ने मिलकर एक ऐसा गिरोह बना रखा है, जो यमुना खादर में जमीन खरीदने वालों को डराकर अवैध वसूली करता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बातचीत के दौरान उनके गुरु एवं प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज के प्रति भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया।
पीड़ित साधु ने मामले की शिकायत जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि वैध दस्तावेज होने के बावजूद उन्हें अपनी भूमि पर निर्माण कार्य कराने में बाधाओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे वे मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान हैं।