Mathura News : ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप, एक किलोमीटर तक गिरे टुकड़े

Mathura News : मथुरा की शिव नगर कॉलोनी में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से हड़कंप, एक किलोमीटर दूर तक गिरे टुकड़े, कई मकानों को नुकसान।

Update:2026-06-22 20:43 IST

Mathura News 

Mathura News : थाना जमुनापार क्षेत्र की शिव नगर कॉलोनी में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पायल बनाने के काम में इस्तेमाल किया जा रहा एक ऑक्सीजन सिलेंडर अचानक फट गया। धमाका इतना तेज था कि सिलेंडर के टुकड़े लगभग एक किलोमीटर के दायरे तक जा गिरे, जिससे आसपास के मकानों को नुकसान पहुंचा।स्थानीय लोगों के अनुसार सिलेंडर के विस्फोट से एक मकान की छत की पटिया टूट गई और क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। गनीमत रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन हादसे ने अवैध रूप से संचालित किए जा रहे सिलेंडर उपयोग के मामले पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि जहां एक ओर अस्पतालों में मरीजों को आवश्यकता के समय ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, वहीं जमुनापार क्षेत्र में घर-घर चल रहे पायल निर्माण कार्यों के लिए भारी संख्या में सिलेंडर किराये पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। आरोप है कि इसके बदले मोटी रकम वसूली जाती है।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में सिलेंडरों के भंडारण, वितरण और उपयोग की जांच कराई जाए तथा सुरक्षामानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।पुलिस और संबंधित विभागों द्वारा मामले की जांच किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

Tags:    

Similar News