Mathura News: मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, शिक्षा को बताया राष्ट्र निर्माण की आधारशिला

Mathura News: मथुरा में ब्राह्मण महासभा के सम्मान समारोह में 50 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया, शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने की बात कही गई।

Update:2026-06-21 20:16 IST

मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान, शिक्षा को बताया राष्ट्र निर्माण की आधारशिला (Photo- Newstrack)

Mathura News: अखिल भारतवर्षीय ब्राह्मण महासभा द्वारा ठाकुर राधा स्नेह बिहारी मंदिर में मेधावी विप्र छात्र-छात्रा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्रज प्रदेश अध्यक्ष पंडित बिहारी लाल वशिष्ठ ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में बाल कल्याण आयोग के पूर्व अध्यक्ष डॉ. देवेंद्र शर्मा उपस्थित रहे।

समारोह का शुभारंभ भगवान परशुराम के चित्र पर दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। दीप प्रज्वलन में डॉ. देवेंद्र शर्मा, पंडित बिहारी लाल वशिष्ठ, जिला अध्यक्ष इंजीनियर राजकुमार शर्मा, व्यापारी नेता मुकुंद मोहन शर्मा ‘कल्लू पहलवान’ तथा कार्यक्रम के मुख्य संयोजक पंडित राजेश पाठक शामिल रहे।


सम्मान समारोह में मथुरा जनपद के लगभग 50 मेधावी छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। गार्गी भारद्वाज सहित अन्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न एवं सम्मान प्रदान किए गए।

मुख्य अतिथि डॉ. देवेंद्र शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि मेधावी छात्र-छात्राएं राष्ट्र की वास्तविक पूंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपने ज्ञान का उपयोग देश और समाज की सेवा में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही व्यक्ति अपने जीवन को नई दिशा दे सकता है और समाज में सकारात्मक परिवर्तन ला सकता है।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने वर्तमान समय में शिक्षा के महत्व पर भी प्रकाश डाला। प्रवक्ता आशीष चतुर्वेदी एवं भाजपा नेता बलराम शर्मा ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में शिक्षा सबसे बड़ी संपत्ति है, जो व्यक्ति को आत्मनिर्भर और सफल बनाती है।

मुख्य संयोजक पंडित राजेश पाठक ने सभी सम्मानित छात्र-छात्राओं को पटुका एवं स्मृति चिह्न भेंट किए। वहीं जिला अध्यक्ष इंजीनियर राजकुमार शर्मा ने दो बालिकाओं की उच्च शिक्षा का संपूर्ण खर्च वहन करने की घोषणा कर उपस्थित लोगों की सराहना प्राप्त की।


इस अवसर पर राकेश गौड़, राजनारायण गौड़, रामबाबू शर्मा, राजीव शर्मा, आशीष शर्मा, प्रदीप गोस्वामी, गोपाल आचार्य, ब्रजेश शर्मा गलीवाला, बाबा कर्मयोगी, बीरपाल मिश्रा, कपिलानंद चतुर्वेदी, आनंद बिहारी शर्मा, अनिल शास्त्री, कन्हैयालाल गौतम, कृष्ण मुरारी शर्मा, ईश्वर चंद्र रावत, महंत रामदास जी महाराज, पंडित अंकित शर्मा, सुखराम सिंह कमल सहित बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News