Mathura News: वायरल वीडियो में पत्रकारों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी, ग्रामीण पर दबंगई का आरोप

Mathura News: मथुरा के गांठोली गांव में वायरल वीडियो में युवक पर पत्रकारों के खिलाफ अभद्र टिप्पणी व दबंगई के आरोप, जांच की मांग।

Update:2026-06-21 11:17 IST

Mathura News

Mathura News:  जनपद के गांठोली गांव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक कथित तौर पर पत्रकारों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करता दिखाई दे रहा है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और पत्रकार संगठनों ने नाराजगी जताई है।जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले युवक की पहचान गांठोली निवासी ऋषिकेश पुत्र सुरेश के रूप में बताई जा रही है। आरोप है कि युवक एक स्थानीय परिवार को मकान निर्माण कार्य करने से रोक रहा था। इसी दौरान परिवार के लोगों ने कथित तौर पर उसकी गतिविधियों का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। वीडियो रिकॉर्ड होते देख युवक भड़क गया और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के समय मौके पर कोई पत्रकार मौजूद नहीं था और न ही किसी प्रकार की मीडिया कवरेज की जा रही थी। इसके बावजूद वीडियो में पत्रकारों को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां की गईं, जिससे पत्रकार समुदाय में रोष व्याप्त है।वायरल वीडियो सामने आने के बाद कई पत्रकारों और सामाजिक संगठनों ने इसकी निंदा की है। उनका कहना है कि पत्रकारों के प्रति इस तरह की भाषा लोकतांत्रिक मूल्यों और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के विरुद्ध है। साथ ही यह आम नागरिकों को धमकाने और दबाव बनाने की मानसिकता को भी दर्शाता है।

ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित युवक लंबे समय से क्षेत्र में दबंगई कर रहा है और लोगों को विभिन्न कार्यों में बाधा पहुंचाने की कोशिश करता है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।पत्रकार संगठनों ने प्रशासन से वायरल वीडियो की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो कानून के अनुसार सख्त कदम उठाए जाने चाहिए, जिससे भविष्य में किसी भी व्यक्ति द्वारा पत्रकारों या आम नागरिकों के साथ अभद्र व्यवहार करने की पुनरावृत्ति न हो।

Tags:    

Similar News