Meerut News: जमीन के टुकड़े ने छीना भाई का रिश्ता, बड़े भाई ने गोली मारकर खेत में दफनाया शव
Meerut News: जमीन के टुकड़े को लेकर हुए विवाद में रिश्तों का कत्ल हो गया। बड़े भाई ने छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी और शव को खेत में दफना दिया। पुलिस जांच में जुटी है।
Meerut News(Photo-Social Media)
Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद के बहसूमा थाना क्षेत्र के महमूदपुर सिखेड़ा गांव में जमीन के विवाद ने रिश्तों को इस कदर तार-तार कर दिया कि बड़े भाई ने ही छोटे भाई की हत्या कर शव खेत में दबा दिया। करीब 23 दिन बाद गुरुवार को इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा होने पर गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी बड़े भाई कपिल को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक गांव निवासी 30 वर्षीय अंकुर पांच मई से लापता था। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार को अंकुर की मौसी जगबीरी बहसूमा थाने पहुंचीं और पुलिस को तहरीर देकर शक जताया कि अंकुर के बड़े भाई कपिल ने ही उसकी हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची और कपिल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में कपिल टूट गया और उसने पुलिस को बताया कि जमीन के विवाद को लेकर उसका छोटे भाई अंकुर से लंबे समय से झगड़ा चल रहा था। पांच मई को विवाद बढ़ने पर उसने अंकुर को गोली मार दी। हत्या के बाद शव को खेत में गड्ढा खोदकर दबा दिया ताकि किसी को वारदात की भनक न लगे।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। खेत से शव निकालने और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई देर शाम तक चलती रही। घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों में घटना को लेकर दहशत और आक्रोश दोनों देखने को मिला। एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।