Meerut News: सौतेली मां संग मिलकर पिता ने की बेटी की हत्या, गुपचुप अंतिम संस्कार, ऑडियो ने खोली पोल

Meerut News: मेरठ में सौतेली मां के साथ मिलकर पिता द्वारा बेटी की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गुपचुप अंतिम संस्कार के बाद ऑडियो ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

Update:2026-05-27 15:56 IST

Meerut News(Photo-Social Media)

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद के भावनपुर थाना क्षेत्र स्थित गोकुलधाम सोसायटी में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पिता पर अपनी दूसरी पत्नी के साथ मिलकर 17 वर्षीय बेटी की हत्या करने और शव का गुपचुप अंतिम संस्कार करने का आरोप लगा है। पुलिस ने मृतका के मामा की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरी पत्नी से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार गोकुलधाम सोसायटी निवासी कपिल भारद्वाज की पहली पत्नी प्रीति की वर्ष 2017 में मौत हो गई थी। प्रीति से कपिल के दो बच्चे थे, बेटी खुशी उर्फ खुशबू और बेटा राधे। पत्नी की मौत के कुछ समय बाद कपिल ने पिंकी नाम की महिला से दूसरी शादी कर ली थी।

आरोप है कि, सोमवार रात खुशी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसके बाद कपिल और उसकी पत्नी ने किसी को भनक लगे बिना ब्रजघाट ले जाकर किशोरी का अंतिम संस्कार कर दिया। मंगलवार को हापुड़ निवासी मृतका के मामा भूपेंद्र शर्मा को फोन से घटना की जानकारी मिली। वह मेरठ पहुंचे, लेकिन तब तक अंतिम संस्कार हो चुका था।

भूपेंद्र शर्मा ने कपिल और उसकी दूसरी पत्नी पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और देर रात कपिल भारद्वाज को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि सख्ती से पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

मामले में एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सामने आई है, जिसमें खुशी अपनी मौसी से कह रही है कि “मामा से कह दो मुझे यहां से ले जाएं, वरना ये लोग मुझे मार देंगे।” पुलिस इस ऑडियो की जांच करा रही है। वहीं इस बाबत जानकारी देते हुए एसपी ग्रामीण अभिजीत कुमार ने बताया है कि, किशोरी के उत्पीड़न की बात सामने आई है। थाना भावनपुर में हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

Tags:    

Similar News