Meerut News: साइबर अपराध से बचाव के टिप्स सीख रहे एनसीसी कैडेट
Meerut News: मेरठ में एनसीसी कैडेट्स को साइबर अपराध से बचाव के टिप्स दिए जा रहे हैं। प्रशिक्षण के जरिए उन्हें डिजिटल सुरक्षा और ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय सिखाए जा रहे हैं।
Meerut News(Photo-Social Media)
Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ में बागपत रोड स्थित विद्या ग्लोबल यूनिवर्सिटी में चल रहे 72 यूपी बटालियन एनसीसी के सीएटीसी-250 शिविर में बुधवार को साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 550 एनसीसी कैडेटों को साइबर अपराधों से बचाव के तरीके बताए गए।
कार्यक्रम में एसटीएफ मेरठ की ओर से उपनिरीक्षक अरुण ने मुख्य वक्ता के रूप में कैडेटों को संबोधित करते हुए कहा कि डिजिटल दौर में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया फ्रॉड, फिशिंग, ऑनलाइन वित्तीय ठगी और हनीट्रैप जैसे मामलों से सतर्क रहने की सलाह दी।
हेड कांस्टेबल जयवर्धन ने कैडेटों को मजबूत पासवर्ड बनाने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने में सावधानी बरतने के सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि छोटी सी लापरवाही भी साइबर ठगी का कारण बन सकती है। एसटीएफ टीम ने कैडेटों को बताया कि यदि कोई व्यक्ति साइबर अपराध का शिकार होता है तो उसे तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना देनी चाहिए। साथ ही शिकायत पोर्टल cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई जा सकती है।
अधिकारियों ने एनसीसी कैडेटों से समाज में जागरूकता फैलाने की अपील करते हुए उन्हें ‘साइबर दूत’ की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में एनसीसी के सैन्य अधिकारी, कैंप कमांडेंट और विश्वविद्यालय प्रबंधन के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अंत में एसटीएफ टीम को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।