Meerut News : गंगा एक्सप्रेसवे के टोल प्लाजा पर दिन में स्टंटबाजी, चार युवक गिरफ्तार
Meerut News: गंगा एक्सप्रेसवे के खड़खड़ी टोल प्लाजा पर रील्स के लिए स्टंटबाजी करने वाले चार युवक गिरफ्तार, लग्जरी गाड़ियां सीज
Meerut News
Meerut News : गंगा एक्सप्रेसवे स्थित खड़खड़ी टोल प्लाजा पर लग्जरी गाड़ियों से स्टंटबाजी करना कुछ युवकों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने और रील्स के लिए रांग साइड गाड़ियां दौड़ाने वाले चार युवकों को खरखौदा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों वाहनों को भी सीज कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार दिन करीब एक बजे कुछ युवक महिंद्रा थार, स्कॉर्पियो और अन्य गाड़ियों से खड़खड़ी टोल प्लाजा पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने करीब 200 मीटर तक रांग साइड और खतरनाक तरीके से वाहन दौड़ाए। इस दौरान वीडियो और फोटो भी बनाए गए। टोल कर्मियों ने जब उन्हें रोका तो उन्होंने अभद्रता की और टोल टैक्स देने से भी इनकार कर दिया।घटना की सूचना मिलने के बाद टोल प्लाजा के प्रोजेक्ट मैनेजर अमित केतकर ने खरखौदा थाने में तहरीर दी। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।एसपी देहात के निर्देश पर पुलिस की तीन टीमें गठित की गईं।
पुलिस ने टोल प्लाजा और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर वाहनों और आरोपियों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने आज चारों युवकों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में तानिष्क, हर्ष, युवराज और विक्रांत शामिल हैं। सभी मेरठ के अलग-अलग क्षेत्रों के रहने वाले बताए गए हैं।पुलिस ने घटना में इस्तेमाल दो स्कॉर्पियो, एक थार और एक हुंडई वर्ना कार को सीज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि एक्सप्रेसवे और सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।