Meerut Encounter: एक लाख के इनामी जुबैर की मौत की होगी मजिस्ट्रियल जांच
Meerut Encounter: लोहियानगर थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हुए एक लाख रुपये के इनामी बदमाश जुबैर की मौत के मामले में अब मजिस्ट्रियल जांच होगी।
Meerut News (Social Media) (1).jpg
Meerut Encounter: लोहियानगर थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हुए एक लाख रुपये के इनामी बदमाश जुबैर की मौत के मामले में अब मजिस्ट्रियल जांच होगी। जिला प्रशासन ने इस प्रकरण की जांच के लिए एसडीएम मेरठ को जांच अधिकारी नियुक्त किया है।
जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ की ओर से 14 मई को भेजे गए पत्र के आधार पर यह निर्णय लिया गया है। पत्र में 13 मई की सुबह करीब 3:50 बजे हुई पुलिस मुठभेड़ का उल्लेख करते हुए मजिस्ट्रियल जांच कराने का अनुरोध किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में घायल हुआ जुबैर पुत्र रफातुल्ला निवासी नौसा, थाना बरला, जिला अलीगढ़ बाद में दम तोड़ गया था। जुबैर पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह कई गंभीर मामलों में वांछित चल रहा था।
डीएम ने आदेश में कहा है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच की जाए। एसडीएम मेरठ को 30 दिन के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
माना जा रहा है कि जांच में मुठभेड़ की परिस्थितियों, पुलिस कार्रवाई और घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।
बता दें कि मेरठ के लोहिया नगर क्षेत्र में 13 मई की सुबह करीब 3:50 बजे उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के साथ मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी बदमाश जुबैर मारा गया था। जुबैर अलीगढ़ जिले के बरला थाना क्षेत्र के नौशा गांव का रहने वाला था और वर्तमान में दिल्ली के शाहीन बाग इलाके में रह रहा था। जुबैर 24 दिसंबर 2025 को अलीगढ़ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में राव दानिश हिलाल की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में भी वांछित था। इस मामले में अलीगढ़ पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर किया था।