Meerut News : मेरठ में लापता किशोरी सकुशल बरामद, आठ संदिग्ध हिरासत में

Meerut News : मेरठ में 24 दिन से लापता किशोरी सकुशल बरामद, पुलिस ने पूछताछ के लिए आठ संदिग्धों को हिरासत में लिया।

Update:2026-05-21 08:54 IST

Missing Teen Girl Recovered Safe in Meerut

Meerut News : उत्तर प्रदेश के मेरठ के खरखौदा क्षेत्र से करीब 24 दिन पहले लापता हुई 17 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में किशोरी के बयान के आधार पर आठ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण के हर पहलू की गहन जांच जारी है।

मेरठ पुलिस के अनुसार, मोहल्ला तिहाई निवासी एक महिला ने 26 अप्रैल को अपनी नाबालिग बेटी के बिना बताए घर से चले जाने की सूचना थाना खरखौदा में दी थी। इस मामले में धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में गंगानगर क्षेत्र निवासी विजय नामक युवक को नामजद किया गया था।

किशोरी की बरामदगी में देरी होने पर परिजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और जनसुनवाई के दौरान मामले की जानकारी अधिकारियों को दी। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने खुद थाना खरखौदा पहुंचकर परिवार से बातचीत की और मामले की समीक्षा की।

पुलिस ने किशोरी की तलाश के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया। इनमें सीसीटीवी फुटेज खंगालने वाली टीम, सर्विलांस यूनिट और स्वाट टीम को भी शामिल किया गया। पुलिस ने करीब दो दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर बुधवार को किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया।

पुलिस के मुताबिक किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। उसके बयान दर्ज कर लिए गए हैं और उन्हीं के आधार पर आठ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Tags:    

Similar News