Meerut News :भीषण गर्मी का असर: मेरठ में 10वीं तक के स्कूल 23 मई तक बंद

Meerut News : भीषण गर्मी और हीटवेव के चलते मेरठ में कक्षा 10 तक के सभी स्कूल 23 मई तक बंद, जिलाधिकारी ने जारी किया आदेश

Update:2026-05-20 22:42 IST

Meerut News  

Meerut News : उत्तर प्रदेश के मेरठ में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव के प्रकोप को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने जिले के सभी बोर्डों के विद्यालयों में प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 10 तक की कक्षाओं के लिए 21 मई से 23 मई 2026 तक अवकाश घोषित कर दिया है। प्रशासन के इस फैसले से हजारों विद्यार्थियों और अभिभावकों को राहत मिली है।

पिछले कई दिनों से मेरठ और आसपास के क्षेत्रों में तापमान लगातार बढ़ रहा है। दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग की ओर से भी हीटवेव को लेकर चेतावनी जारी की गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया।

जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि सभी बोर्डों से संबद्ध सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों को आदेश का सख्ती से पालन करना होगा। संबंधित अधिकारियों को भी यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी विद्यालय में निर्धारित अवधि के दौरान कक्षाएं संचालित न हों।

प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को अत्यधिक गर्मी में बाहर निकलने से बचाएं और पर्याप्त पानी पिलाते रहें। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने, हल्के कपड़े पहनने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।गर्मी के बढ़ते असर को देखते हुए माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में प्रशासन स्थिति की समीक्षा कर आगे भी आवश्यक कदम उठा सकता है।

Tags:    

Similar News