Meerut News: मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने के लिए कई बड़े फैसले

Meerut News: मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की बैठक में खेल अवसंरचना, नई नियुक्तियों और राष्ट्रीय स्तर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

Update:2026-05-18 20:40 IST

Meerut News(Photo-Social Media)

Meerut News: मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की दूसरी बैठक सोमवार को ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में विश्वविद्यालय के शैक्षणिक विस्तार, खेल अवसंरचना विकास और नई नियुक्तियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने की।

बैठक में विश्वविद्यालय के निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बताया गया कि पॉकेट-1 के भवन निर्माण कार्य लगभग 85 प्रतिशत और पॉकेट-2 में खेल मैदानों के निर्माण कार्य करीब 30 प्रतिशत पूरे हो चुके हैं। निर्माण कार्यों की प्रगति का प्रस्तुतीकरण चित्रात्मक पीपीटी के माध्यम से किया गया। बोर्ड ऑफ गवर्नर्स ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की वार्षिक रिपोर्ट, कार्य परिषद, शैक्षणिक परिषद और वित्त समिति की कार्यवाहियों को अनुमोदन प्रदान किया। साथ ही विश्वविद्यालय के प्रथम अधिनियमों के प्रारूप पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में यूजीसी, यूपीपीएससी, यूपीएसएसएससी और भारतीय खेल प्राधिकरण के मानकों के अनुरूप विभिन्न पदों के लिए भर्ती नियमावली तैयार करने के प्रस्ताव पर सहमति बनी।

शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अतिथि संकाय, प्रशिक्षकों और सहायक कर्मचारियों की नियुक्तियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। विभिन्न पाठ्यक्रमों और डिप्लोमा कार्यक्रमों की शुल्क संरचना को भी मंजूरी दी गई। राष्ट्रीय क्रेडिट फ्रेमवर्क के अनुरूप पाठ्यक्रमों के समन्वय के लिए तदर्थ बोर्ड ऑफ स्टडीज़ के गठन को स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक में विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर के उत्कृष्ट खेल शिक्षा संस्थान के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय खेल संस्थान, भारतीय प्रबंधन संस्थान इंदौर, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास और भारतीय सेना के साथ प्रस्तावित एमओयू एवं शैक्षणिक साझेदारियों पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा विश्वविद्यालय परिसर में अतिरिक्त खेल अवसंरचना, परीक्षा भवन, अतिथि गृह, सभागार, फूड कोर्ट, खेल उपकरण केंद्र और अस्थायी शूटिंग रेंज, बास्केटबॉल व वॉलीबॉल कोर्ट विकसित करने के प्रस्तावों पर भी विचार किया गया।

बोर्ड को यह भी जानकारी दी गई कि विश्वविद्यालय के लिए 60 करोड़ रुपये के एकमुश्त अनुदान का प्रावधान किया गया है, जिसके उपयोग के लिए मानक संचालन प्रक्रिया तैयार की जाएगी। बैठक के अंत में कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत (सेवानिवृत्त) ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय के विकास में सहयोग और मार्गदर्शन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Tags:    

Similar News