Meerut News: मेरठ मंडी में टॉयलेट बना सब्जियों का गोदाम, वीडियो वायरल होने पर लाइसेंस रद्द
Meerut News:मेरठ की मवाना मंडी में बंद टॉयलेट में सब्जियां रखने का वीडियो वायरल होने पर प्रशासन ने आढ़ती का लाइसेंस निलंबित कर जांच शुरू कर दी।
मेरठ मंडी में टॉयलेट बना सब्जियों का गोदाम, वीडियो वायरल होने पर लाइसेंस रद्द (Photo- Newstrack)
Meerut News: मेरठ,17 मई। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले की मवाना नवीन सब्जी-फल मंडी में बंद पड़े टॉयलेट में हरी सब्जियां रखे जाने का मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मंडी प्रशासन ने संबंधित आढ़ती का लाइसेंस निलंबित कर दिया है, जबकि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
वायरल वीडियो में मंडी परिसर के एक बंद पड़े शौचालय के अंदर टमाटर, भिंडी, तोरई, हरी मिर्च, धनिया, पुदीना और लौकी जैसी सब्जियां पॉलिथीन की बोरियों में भरी दिखाई दीं। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर सवाल उठाए, जिसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया।
शौचालय को बना दिया गया सब्जियों का स्टोरेज
मंडी सचिव अर्जुन सिंह ने न्यूजट्रैक को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि संबंधित शौचालय काफी समय से चोक होने के कारण उपयोग में नहीं था। उनके अनुसार प्रधान ट्रेडिंग कंपनी के संचालक अभय कुमार ने बिना अनुमति के बची हुई सब्जियां वहां रख दी थीं। घटना 15 मई की बताई जा रही है। जानकारी मिलते ही मंडी समिति की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक क्विंटल सब्जियां जब्त कर नष्ट कर दीं।
लाइसेंस निलंबित
अधिकारियों के मुताबिक जब्त सब्जियों में लौकी, टमाटर, तोरई और हरा धनिया शामिल था। इन्हें गड्ढा खोदकर दबाया गया ताकि दोबारा बाजार में न पहुंच सकें। मंडी प्रशासन ने पहले संबंधित आढ़ती को नोटिस जारी किया, लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर उसका लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
मवाना के एसडीएम संतोष कुमार सिंह ने मामले को गंभीर बताते हुए मंडी सचिव से स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।