Meerut News: आप की ‘रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा शुरू, संजय सिंह ने भाजपा पर साधा निशाना

Meerut News: मेरठ में आम आदमी पार्टी की ‘रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा का शुभारंभ हुआ। राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बेरोजगारी, पेपर लीक, महंगाई और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरा।

Update:2026-05-16 21:56 IST

Meerut News

Meerut News: क्रांति की धरती मेरठ शनिवार को आम आदमी पार्टी की ‘रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा का गवाह बनी। कमिश्नरी पार्क से राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश प्रभारी Sanjay Singh ने पांचवें चरण की यात्रा को हरी झंडी दिखाते हुए भाजपा सरकार पर बेरोजगारी, पेपर लीक, महंगाई और सामाजिक अन्याय को लेकर तीखा हमला बोला। मेरठ से गाजियाबाद तक 16 से 20 मई के बीच चलने वाली इस पदयात्रा में पहले दिन बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए।

यात्रा शुरू होने से पहले शहीदों को नमन किया गया और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद कमिश्नरी पार्क से निकली यात्रा कचहरी, बच्चा पार्क, खैरनगर चौपला, घंटाघर, डीएन कॉलेज और मेट्रो प्लाजा होते हुए ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के नीचे गणपति भवन पहुंचकर संपन्न हुई। रास्ते भर जगह-जगह फूल-मालाओं और पुष्प वर्षा के साथ सांसद संजय सिंह का स्वागत किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि नीट समेत 93 परीक्षाओं के पेपर लीक होने से करोड़ों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि रोजगार की लड़ाई केवल सरकारी नौकरी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह रेडी-पटरी वालों, ठेला चालकों, छोटे व्यापारियों और उजाड़े जा रहे गरीब परिवारों के सम्मान की भी लड़ाई है।सामाजिक न्याय के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि आज भी देश में दलितों और पिछड़ों के साथ भेदभाव की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि B. R. Ambedkar का संविधान सभी नागरिकों को बराबरी और सम्मान का अधिकार देता है और देश किसी बाबा के फरमान से नहीं, बल्कि संविधान से चलेगा।

प्रधानमंत्री Narendra Modi पर निशाना साधते हुए संजय सिंह ने कहा कि जनता महंगे पेट्रोल-डीजल और बढ़ती महंगाई से परेशान है, जबकि केंद्र सरकार टैक्स के जरिए भारी वसूली कर रही है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की राजनीति करती है, जबकि भाजपा समाज को बांटने की राजनीति में लगी है।संजय सिंह ने लोगों से इस आंदोलन को जनआंदोलन बनाने की अपील करते हुए कहा कि पिछले चार चरणों की यात्रा को जनता का भारी समर्थन मिला है और यही समर्थन आगे भी संघर्ष की ताकत बनेगा। कार्यक्रम में पार्टी के कई विधायक, प्रदेश पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News