Meerut News: प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने बेटी पर किए ताबड़तोड़ चाकू से वार, हालत गंभीर

Meerut News: मेरठ के दौराला क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने अपनी 19 वर्षीय बेटी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर हालत में युवती का अस्पताल में इलाज जारी है, जबकि आरोपी पिता फरार है।

Update:2026-05-15 15:27 IST

Meerut News

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ के के दौराला थाना क्षेत्र स्थित रुहासा गांव में शुक्रवार सुबह रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। प्रेम प्रसंग से नाराज एक पिता ने अपनी ही बेटी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। युवती को लहूलुहान हालत में पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दौराला और बाद में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस के अनुसार तैय्यबा(19) पुत्री अलताफ का गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध था। इस संबंध को लेकर उसका पिता अलताफ लंबे समय से नाराज चल रहा था। बताया गया कि करीब दो-तीन दिन पहले युवती अपने प्रेमी के साथ चली गई थी। इसके बाद से पिता उसकी तलाश कर रहा था। बृहस्पतिवार रात वह युवती को वापस घर लेकर आया था।बताया जा रहा है कि घर लौटने के बाद युवती सो गई थी। इसी दौरान पिता ने कथित तौर पर चाकू उठाकर उस पर हमला करने का प्रयास किया। युवती की आंख खुलते ही वह जान बचाने के लिए घर से बाहर भागी, लेकिन आरोपी पिता ने उसे पकड़ लिया और चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवती वहीं गिर पड़ी।

युवती की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी पिता मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया।घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है। नगर पुलिस अधीक्षक विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Tags:    

Similar News