Meerut News: मेरठ में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, दो तस्कर गिरफ्तार

Meerut News: मेरठ में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया, गांजा, चरस और अवैध तमंचा बरामद

Update:2026-05-18 20:32 IST

Meerut News

Meerut News :  शहर के सदर बाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 8.324 किलोग्राम गांजा, 65 ग्राम चरस, अवैध तमंचा, नकदी और नशीले पदार्थों की पैकिंग में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया है। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना सदर बाजार पुलिस ने चौकी रजबन क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान टण्डैल मोहल्ला निवासी शुभम उर्फ शिब्बू को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। तलाशी में उसके पास से 5.792 किलोग्राम गांजा, सात पैकेटों में 65 ग्राम चरस, 4400 रुपये नकद तथा .32 बोर का अवैध तमंचा बरामद हुआ। इसके अलावा पुलिस को मौके से खाली पन्नियां, स्टेपलर और स्टेपलर पिन की डिब्बियां भी मिलीं, जिनका इस्तेमाल नशीले पदार्थों की पैकिंग में किया जा रहा था।

इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जीतू नामक युवक को भी गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 2.532 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी लंबे समय से इलाके में नशे का कारोबार चला रहे थे और युवाओं को इसकी सप्लाई की जा रही थी।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है।

शुभम उर्फ शिब्बू पर अपहरण, मारपीट और धमकी जैसे कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि जीतू के खिलाफ लूट, पॉक्सो एक्ट, आबकारी अधिनियम और मारपीट से जुड़े मामले दर्ज बताए गए हैं।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्र समेत सदर बाजार थाने की पुलिस टीम शामिल रही।

Tags:    

Similar News