Meerut News: किसान दिवस में गरजे किसान, बिजली और गन्ना भुगतान पर प्रशासन को घेरा
Meerut News: मेरठ में किसान दिवस के दौरान किसानों ने बिजली व्यवस्था और गन्ना भुगतान को लेकर जोरदार विरोध किया और प्रशासन को घेरा। किसानों ने 32 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपकर एक सप्ताह में समाधान का आश्वासन लिया।
Meerut News
Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ के विकास भवन में बुधवार को आयोजित किसान दिवस में किसानों का गुस्सा बिजली व्यवस्था और गन्ना भुगतान को लेकर खुलकर सामने आया। भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों ने प्रशासन के सामने लंबित समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो जिला मुख्यालय पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
किसान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी वीके सिंह ने की। किसानों ने बताया कि अप्रैल माह में दी गई 75 शिकायतों में से 50 का समाधान तो हुआ, लेकिन 25 मामलों में कार्रवाई संतोषजनक नहीं रही। इस पर किसानों ने नाराजगी जताई।किसानों ने गन्ना भुगतान, स्मार्ट मीटर, जर्जर बिजली लाइनें, फुंके ट्रांसफार्मर, तालाब सफाई, समिति ब्याज और आवारा पशुओं समेत 32 मांगों का ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। अनुराग चौधरी ने कहा कि किनौनी शुगर मिल से किसानों का बकाया भुगतान जल्द कराया जाए और समिति ब्याज संबंधी शासनादेश तत्काल लागू हो।
बिजली समस्याओं को लेकर किसान पहले मुख्य अभियंता गुरजीत सिंह के कार्यालय पहुंचे, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सैकड़ों किसान ऊर्जा भवन पहुंच गए। वहां किसानों ने नारेबाजी की, जिसके बाद प्रबंध निदेशक रविश गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाया।प्रतिनिधिमंडल ने कृषि फीडरों की रात्रिकालीन बिजली आपूर्ति बदलने, तूफान में क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत, ट्रांसफार्मर जल्द बदलने और चोरी हुए तारों को तुरंत लगवाने की मांग रखी। प्रबंध निदेशक ने एक सप्ताह में समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।किसान दिवस के दौरान विकास भवन परिसर में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।