Meerut News: पीक आवर्स में दौड़ेंगी नमो भारत की 8 अतिरिक्त ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगी राहत
Meerut News: दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नमो भारत के तहत पीक आवर्स में 8 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स शुरू की जाएंगी। इससे यात्रियों को कम प्रतीक्षा समय और बेहतर यात्रा सुविधा मिलेगी।
Meerut News
Meerut News: नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एनसीआरटीसी) ने दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर यात्रियों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए शुक्रवार 22 मई से पीक आवर्स में नमो भारत की आठ अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स संचालित करने का निर्णय लिया है। इस कदम का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना तथा स्टेशनों पर बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करना है।
एनसीआरटीसी के अनुसार नई व्यवस्था के तहत सुबह 8 बजे से 11 बजे तक तथा शाम 5 बजे से 7 बजे तक सराय काले खाँ और मेरठ साउथ स्टेशनों के बीच अतिरिक्त ट्रेन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके लिए कॉरिडोर पर दो और ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, जिससे यात्रियों को कम प्रतीक्षा समय और अधिक सुगम यात्रा सुविधा मिल सकेगी।अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर हाल के दिनों में यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है और वर्तमान में प्रतिदिन औसतन करीब एक लाख यात्री इस सेवा का उपयोग कर रहे हैं। गर्मी और विपरीत मौसम के बीच लोग निजी वाहनों की बजाय आरामदायक और तेज सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता दे रहे हैं।
एनसीआरटीसी का कहना है कि यह पहल निजी वाहनों पर निर्भरता कम करने, ऊर्जा बचत को बढ़ावा देने तथा पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।देश की पहली क्षेत्रीय रेल सेवा नमो भारत को तेज, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा के लिए विकसित किया गया है। 160 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम परिचालन गति वाली यह सेवा दिल्ली-एनसीआर और मेरठ क्षेत्र के बीच यात्रा समय को लगभग एक तिहाई तक कम कर रही है।