Meerut News: 50 हजार का इनामी बदमाश गुजरात से दबोचा, 8 महीने से फरार था ‘पहलवान’

Meerut News: मेरठ पुलिस और स्वाट टीम ने डकैती के मामले में वांछित ₹50 हजार के इनामी बदमाश को गुजरात से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले 8 महीनों से फरार था और उस पर कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Update:2026-05-01 20:46 IST

Meerut News

Meerut News: थाना लोहियानगर पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई में डकैती के मामले में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गुजरात से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पिछले करीब आठ महीनों से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अलग-अलग राज्यों में ठिकाना बदल रहा था।

पुलिस के मुताबिक, इन्तजार उर्फ मोटा उर्फ खली उर्फ पहलवान (35) के खिलाफ थाना लोहियानगर में डकैती का मुकदमा दर्ज है। उसकी गिरफ्तारी पर मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी मेरठ, बागपत समेत कई जिलों में डकैती, लूट और चोरी की वारदातों में शामिल रहा है।पुलिस टीम ने सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। पहले उसकी लोकेशन कर्नाटक के मैसूर में मिली, जिसके बाद उसके अहमदाबाद (गुजरात) पहुंचने की सूचना मिली। टीम ने लगातार पीछा करते हुए 30 अप्रैल 2026 को अहमदाबाद के जमालपुर-बहरमपुरा इलाके से उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद अहमदाबाद की अदालत से ट्रांजिट रिमांड लेकर आरोपी को मेरठ लाया जा रहा है। पुलिस ने अन्य संबंधित जनपदों को भी सूचना दे दी है, जहां उसके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।आरोपी के खिलाफ हत्या, डकैती, लूट, चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उससे पूछताछ में कई अन्य घटनाओं के खुलासे होने की संभावना है।इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सतेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल नवनीत सिंह, कुमरवीर सिंह, अब्दुल कासिम और कांस्टेबल चन्द्रप्रकाश शामिल रहे।

Tags:    

Similar News