Meerut News: मेरठ में बेटे ने जमीन विवाद में पिता को गोली मारी, 24 घंटे में गिरफ्तार
Meerut News : मेरठ के रसूलपुर धौलडी में जमीन विवाद ने लिया खौफनाक रूप, बेटे ने पिता की गोली मारकर हत्या की, पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को पकड़ा
Meerut crime News
Meerut News: जानी थाना क्षेत्र के रसूलपुर धौलडी गांव में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया, जहां बेटे ने अपने ही बुजुर्ग पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 को रियाज (54) ने अपने पिता ऐजाज (72) को लाइसेंसी पिस्टल से तीन गोलियां मार दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि जमीन को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
मृतक ने करीब 4.5 बीघा जमीन बेचकर रकम अपने खाते में जमा कर ली थी, जिसमें आरोपी अपना हिस्सा मांग रहा था। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कार (DL 12CR 2687) से फरार हो गया था। मामले में जानी थाने पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी सरधना के पर्यवेक्षण में टीम गठित की गई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने धौलडी बम्बा के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त .32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल कार बरामद की गई है।पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्र समेत कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और एक बार फिर पारिवारिक विवादों के खतरनाक परिणामों को उजागर किया है।