Meerut News: नमो भारत सुशासन की मिसाल, पीएम मोदी ने की दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर की तारीफ

Meerut News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली-मेरठ नमो भारत रैपिड रेल कॉरिडोर को सुशासन और भरोसेमंद सार्वजनिक परिवहन का बेहतरीन उदाहरण बताया।

Update:2026-08-22 17:57 IST

Meerut News

Meerut News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली-मेरठ नमो भारत रैपिड रेल कॉरिडोर को सकारात्मक सुशासन और भरोसेमंद सार्वजनिक परिवहन का ‘‘बहुत अच्छा उदाहरण’’ बताया है। उन्होंने परियोजना को समय पर पूरा करने और यात्रियों को गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक सेवा उपलब्ध कराने के लिए इसकी सराहना की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सुशासन की गुणवत्ता परखने का एक महत्वपूर्ण मानक समय है। दिल्ली-मेरठ नमो भारत इसका उदाहरण है, जहां ट्रेनें 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से संचालित हो रही हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि जो परियोजना शुरू हो, उसे समय पर पूरा किया जाना चाहिए और लोगों को मिलने वाली सेवा भी समय की कसौटी पर खरी उतरनी चाहिए।नमो भारत ने व्यस्ततम समय, भीषण गर्मी, मानसून, कांवड़ यात्रा और दिवाली जैसे अवसरों पर भी लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है। कॉरिडोर पर परिचालन 21 अक्टूबर 2023 को साहिबाबाद-दुहाई डिपो के बीच 17 किलोमीटर के प्राथमिकता खंड से शुरू हुआ था। विभिन्न चरणों में विस्तार के बाद 22 फरवरी 2026 को पूरे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को मेरठ मेट्रो के साथ राष्ट्र को समर्पित किया गया।

इसके बाद यात्रियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है। वर्तमान में औसतन करीब एक लाख यात्री प्रतिदिन नमो भारत सेवाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं। तीन अगस्त 2026 को कॉरिडोर पर 1.50 लाख से अधिक यात्रियों ने सफर किया, जो अब तक की सर्वाधिक दैनिक यात्री संख्या है। इससे पहले आठ जून को करीब 1.25 लाख यात्रियों का रिकॉर्ड बना था।मेरठ में बेगमपुल स्टेशन समेत दिल्ली के सराय काले खां, न्यू अशोक नगर, आनंद विहार और गाजियाबाद स्टेशन सबसे व्यस्त स्टेशनों में शामिल हैं। इन स्टेशनों पर मेट्रो, रेलवे, आईएसबीटी और सिटी बसों जैसी परिवहन सेवाओं से कनेक्टिविटी यात्रियों के लिए आवागमन को और आसान बना रही है। ये स्टेशन मिलकर कॉरिडोर के कुल यात्रियों में 40 प्रतिशत से अधिक की हिस्सेदारी रखते हैं।

Tags:    

Similar News