Anu Collis Viral Video: सस्पेंशन के बाद आया नया Video, बोलीं महिला दरोगा- मेरा करियर बर्बाद कर दिया
Meerut Anu Collis Case: वायरल वीडियो विवाद में निलंबित महिला दरोगा अनु कॉलिस ने YouTube Live पर अपनी सफाई दी। उन्होंने कहा कि 5 दिन से कमरे में बंद हैं और मानसिक दबाव में हैं।
Anu Collis Viral Video: सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के मामले में निलंबित उत्तर प्रदेश पुलिस की महिला सब-इंस्पेक्टर अनु कॉलिस पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आई हैं। शनिवार को YouTube पर लाइव आकर अनु ने उस इन्फ्लुएंसर पर गंभीर आरोप लगाए, जिसने कथित तौर पर उनका वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था। अनु का कहना है कि वीडियो उनकी अनुमति के बिना शेयर किया गया और इसके बाद उनकी जिंदगी, करियर और परिवार पर गहरा असर पड़ा।
अनु ने लाइव के दौरान कहा कि वह पिछले करीब पांच दिनों से कमरे में बंद हैं और बेहद मानसिक दबाव में हैं। उन्होंने कहा कि उनके मन में खुद को नुकसान पहुंचाने जैसे विचार आ रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्हें धमकियां मिल रही हैं और उनके परिवार के बारे में भी आपत्तिजनक बातें कही जा रही हैं।
वीडियो वायरल करने वाले इन्फ्लुएंसर से अनु ने पूछे सवाल
अनु कॉलिस ने इन्फ्लुएंसर अमित किल्होर पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने उनके सोशल मीडिया अकाउंट से निजी तस्वीरें और वीडियो लेकर बिना अनुमति शेयर किए। अनु ने सवाल उठाया कि अगर उन्हें उनके कंटेंट पर आपत्ति थी तो उन्होंने सीधे पुलिस विभाग या अधिकारियों से शिकायत क्यों नहीं की।
अनु के मुताबिक, वीडियो वायरल होने के बाद संबंधित इन्फ्लुएंसर ने पोस्ट को सोशल मीडिया से हटा दिया और उनके भाई से कथित तौर पर माफी भी मांगी। अनु ने कहा कि पहले वीडियो को वायरल किया गया और बाद में उसे हटाकर गलती की बात कही गई।
'मेरी 20-25 साल की मेहनत और करियर प्रभावित हुआ'
लाइव के दौरान भावुक अनु ने कहा कि सरकारी नौकरी हासिल करने के लिए उन्होंने वर्षों मेहनत की है। उनका आरोप है कि सोशल मीडिया पोस्ट के बाद उन्हें अश्लील वीडियो बनाने वाली महिला के तौर पर पेश किया गया, जिससे उनकी प्रतिष्ठा और करियर को नुकसान पहुंचा।
उन्होंने कहा कि उनके सोशल मीडिया कंटेंट को लेकर अगर किसी को आपत्ति थी तो शिकायत का रास्ता अपनाया जा सकता था। अनु ने कहा कि बिना अनुमति उनकी तस्वीर और वीडियो साझा कर उन्हें सार्वजनिक रूप से निशाना बनाया गया।
'यह वही ड्रेस है, जिसे लेकर सवाल उठाए गए'
अनु ने लाइव के दौरान उस ड्रेस को भी दिखाया, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर विवाद हुआ था। उन्होंने कहा कि यह सामान्य ड्रेस है, जिसे उन्होंने अपनी मां के साथ आगरा के एक मॉल से खरीदा था।
उन्होंने कहा कि उनके परिवार में इस तरह के कपड़े पहनना सामान्य बात है और उनके माता-पिता या भाई को इससे कोई आपत्ति नहीं है। अनु ने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी निजी जिंदगी और कपड़ों को लेकर किसी को आपत्ति है तो वह उनके सोशल मीडिया कंटेंट को न देखने का विकल्प चुन सकता है।
QR कोड पर भी दी सफाई
वायरल वीडियो में दिख रहे QR कोड को लेकर उठ रहे सवालों पर अनु ने कहा कि वह QR कोड उनके Instagram हैंडल से जुड़ा था। उनका दावा है कि वह अपने वीडियो में लोगों से चैनल को सब्सक्राइब करने, वीडियो को लाइक और शेयर करने तथा उन्हें फॉलो करने की अपील करती थीं।
उन्होंने कहा कि उनका कंटेंट मुख्य रूप से फिटनेस और जिम से जुड़ा था। अनु ने दावा किया कि उनका मकसद लोगों को फिटनेस के लिए प्रेरित करना था।
'मैं जांच के लिए तैयार हूं, मुझे डर नहीं'
अनु कॉलिस ने कहा कि वह किसी भी तरह की जांच के लिए तैयार हैं। उनका कहना है कि अगर उनके खिलाफ कोई आरोप है तो उसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने पुलिस की वर्दी की गरिमा से जुड़े सवालों पर भी कहा कि उन्होंने वर्दी में ऐसा कोई कंटेंट नहीं बनाया, जिससे उनके विभाग की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि उन्हें सोशल मीडिया से जुड़े नियमों की जानकारी है।
वरिष्ठ अधिकारी के बयान का भी किया जिक्र
अनु ने बताया कि वह हाल में कार्यालय गई थीं, जहां एक वरिष्ठ निरीक्षक ने कथित तौर पर उनसे कहा कि उन्होंने विभाग की बदनामी की है। अनु ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब सोशल मीडिया पर अधिकारियों के वीडियो को भी AI के जरिए एडिट कर वायरल किया जा रहा है, तो उनके मामले को भी पूरे संदर्भ के साथ देखा जाना चाहिए।
2023 बैच की सब-इंस्पेक्टर हैं अनु कॉलिस
अनु कॉलिस उत्तर प्रदेश पुलिस की 2023 बैच की सब-इंस्पेक्टर हैं और मूल रूप से प्रयागराज की रहने वाली बताई जाती हैं। मेरठ में उनकी शुरुआती पोस्टिंग रोहटा थाने में हुई थी। इसके बाद वह ब्रह्मपुरी और फिर SSP कार्यालय से संबद्ध रहीं।
वायरल वीडियो और पुलिस आचरण नियमों के उल्लंघन के आरोपों के बाद 16 अगस्त 2026 को तत्कालीन SSP अविनाश पांडे के आदेश पर उन्हें निलंबित किया गया था। मामले की जांच पुलिस स्तर पर चल रही है।
'मैं इस्तीफा नहीं दूंगी'
अनु ने लाइव के दौरान साफ कहा कि वह इस्तीफा देने के लिए तैयार नहीं हैं। उन्होंने कहा कि वह जांच का सामना करेंगी और अपना पक्ष मजबूती से रखेंगी।
उन्होंने कहा कि पिछले करीब 10 वर्षों से वह सोशल मीडिया पर अलग-अलग तरह का कंटेंट बना रही हैं। पहले उनका चैनल 'अनु' नाम से था, जिसे बाद में बंद कर उन्होंने 'Selina' नाम से नया चैनल बनाया।
अनु ने कहा कि वह अपनी पहचान और करियर को लेकर लड़ेंगी तथा चाहती हैं कि पूरे मामले की जांच तथ्यों के आधार पर हो।