पुताई वाले चूने और कैंसरकारी रसायनों से बन रहा था पान मसाला: लखनऊ-कानपुर की 55 फैक्ट्रियों पर FSDA का छापा
UP News: यूपी में FSDA की बड़ी कार्रवाई में पान मसाला इकाइयों से प्रतिबंधित रंग, पुताई वाला चूना और अन्य संदिग्ध रसायन मिले। लखनऊ-कानपुर की 55 फैक्ट्रियों पर छापेमारी में 15.70 करोड़ रुपये का माल जब्त किया गया।
Lucknow News
UP News: उत्तर प्रदेश में पान मसाला निर्माण इकाइयों में लोगों की सेहत से हो रहे खिलवाड़ का एक बेहद भयावह सच सामने आया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) के विशेष अभियान में खुलासा हुआ है कि कई नामी पान मसाला कंपनियां स्वाद, रंग और बनावट निखारने के लिए पुताई वाले चूने, मैग्नीशियम कार्बोनेट, लिक्विड पैराफिन और प्रतिबंधित रंगों से रंगी जहरीली सुपारी का धड़ल्ले से इस्तेमाल कर रही थीं। डॉक्टरों के अनुसार, ये सभी रसायन सीधे तौर पर कैंसर, आंतों के अल्सर और अन्य जानलेवा बीमारियों को बढ़ावा देते हैं।
अपर आयुक्त (प्रशासन) रेखा एस. चौहान के नेतृत्व में 52 विशेष सचल दलों ने लखनऊ और कानपुर की कुल 55 पान मसाला निर्माण इकाइयों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान 15.70 करोड़ रुपये मूल्य का 339.69 क्विंटल संदिग्ध माल, अपमिश्रक और प्रतिबंधित कच्चा माल जब्त किया गया। प्रयोगशाला परीक्षण के लिए कुल 92 नमूने एकत्र किए गए हैं, जबकि मौके पर ही 10.18 लाख रुपये मूल्य की 36.15 क्विंटल सड़ी-गली और अत्यधिक दूषित सामग्री को नष्ट करा दिया गया।
कानपुर में SNK ब्रांड से 13.5 करोड़ का माल सीज, राधा रानी फ्रेगरेंस पूरी तरह सील
कानपुर नगर में 41 फैक्ट्रियों की जांच के दौरान 12 चालू और 29 बंद मिलीं। जांच के दौरान ग्रीनवर्थ एंटरप्राइजेज (एसएनके ब्रांड) में भारी गड़बड़ियां पाई गईं, जहां से 10 नमूने लेकर 13.5 करोड़ रुपये का संदिग्ध माल सीज किया गया और तत्काल प्रभाव से लाइसेंस निलंबित कर कारोबार बंद करवा दिया गया। वहीं, राधा रानी फ्रेगरेंस में कानूनी प्रतिबंधों को ताक पर रखकर एक ही परिसर में पान मसाला और तंबाकू का निर्माण किया जा रहा था; अधिकारियों ने परिसर को सील करते हुए 72 हजार रुपये की सुपारी जब्त की।
इसके अलावा, एए फ्लावर्स इंटरनेशनल से 15.16 लाख रुपये, त्रिमूर्ति फ्रेशनर एंड फ्लेवर्स से करीब 45 लाख रुपये, ओम एंड कंपनी से 19.5 लाख रुपये और श्री कृष्णा फ्रेगरेंस से 9 लाख रुपये का कच्चा माल व रसायन जब्त किए गए।
लखनऊ में कमला पसंद, राजश्री, गोमती और कलश जैसे बड़े ब्रांड्स भी नपे
राजधानी लखनऊ में भी बड़े पैमाने पर मिलावट और नियमों के उल्लंघन के मामले पकड़े गए:
राज किशोर संस (आरके ब्रांड): परिसर से 76 किलोग्राम सामग्री जब्त की गई और 72 किलो अवैध तंबाकू निर्माण पकड़े जाने पर लाइसेंस निलंबन की संस्तुति की गई।
सत्य नारायण केशो राम प्रा. लि. (कलश ब्रांड): यहां से 148 किलोग्राम सिंथेटिक परफ्यूमरी कंपाउंड, तंबाकू और सैकरीन जब्त कर लाइसेंस निलंबित किया गया।
केवीएन एफएमसीजी प्रा. लि. (कमला पसंद एवं राजश्री ब्रांड): चार नमूने लेकर 2,459.4 किलोग्राम सामग्री जब्त की गई।
गोमती इंडस्ट्रीज व शिमला गोमती: गोमती इंडस्ट्रीज से 59.38 लाख रुपये मूल्य का 12,307.4 किलोग्राम माल और शिमला गोमती से 245 किलोग्राम पान मसाला सीज किया गया।
शिमला द बालाजी स्पेशल फ्लेवर्स (कायम ब्रांड): यहां से 3,404 किलोग्राम संदिग्ध माल जब्त किया गया।
एफएसडीए के अनुसार, पुताई वाले चूने और घातक रसायनों का इस्तेमाल करने वाली चार फैक्ट्रियों के लाइसेंस हमेशा के लिए निरस्त करने की सिफारिश शासन से की गई है। वहीं, स्वच्छता मानकों की अनदेखी और दस्तावेजों में खामी पाए जाने पर 10 अन्य इकाइयों को सुधार के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि लैब जांच रिपोर्ट आते ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी धाराओं में आपराधिक मुकदमे दर्ज कराए जाएंगे।