Moradabad News: मुरादाबाद में विधायक रितेश गुप्ता का बड़ा संदेश! साइकिल चलाकर लोगों से की ये खास अपील
Moradabad News: इसी कड़ी में मुरादाबाद के नगर विधायक रितेश गुप्ता ने आज शनिवार को एक अनोखी पहल करते हुए साइकिल यात्रा निकाली और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
Moradabad News
Moradabad News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की अपील अब जनप्रतिनिधियों के बीच भी प्रभाव दिखाने लगी है। इसी कड़ी में मुरादाबाद के नगर विधायक रितेश गुप्ता ने आज शनिवार को एक अनोखी पहल करते हुए साइकिल यात्रा निकाली और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।
विधायक ने साइकिल यात्रा संदेश देने का किया प्रयास
विधायक रितेश गुप्ता ने अपने आवास ‘परंपरा’ से लेकर गांधीनगर स्थित कार्यालय तक साइकिल चलाकर यात्रा की। इस दौरान उनके साथ कई समर्थक और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे। साइकिल यात्रा के माध्यम से विधायक ने लोगों को यह संदेश देने का प्रयास किया कि अगर हर व्यक्ति हफ्ते में कम से कम एक दिन साइकिल का इस्तेमाल करे तो इससे न सिर्फ पेट्रोल-डीजल की खपत में कमी आएगी बल्कि पर्यावरण को भी सुरक्षित रखा जा सकेगा।
प्रदूषण और ईंधन की खपत इस प्रकार से होगी नियंत्रित
विधायक ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और ईंधन की खपत को नियंत्रित करने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना सिर्फ पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं है, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी बहुत ही लाभदायक है। नियमित साइकिल चलाने से शरीर स्वस्थ रहता है और कई बीमारियों से बचाव संभव होता है।
लोगों ने इस पहल की प्रशंसा की
साइकिल यात्रा के दौरान शहरवासियों ने विधायक को साइकिल चलाते देखा तो कई लोगों ने इस पहल की प्रशंसा की। कुछ युवाओं ने इसे प्रेरणादायक कदम बताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा ऐसे संदेश दिए जाने से समाज में सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। लोगों ने कहा कि अगर नेता खुद इस तरह की पहल करेंगे तो आम जनता भी इससे प्रेरित होकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाएगी।
साइकिल इस्तेमाल करने की अपील
रितेश गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखना केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। छोटे-छोटे प्रयासों से बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से ज्यादा से ज्यादा पेड़ लगाने, अनावश्यक रूप से गाड़ियों का प्रयोग कम करने और साइकिल के यूज को बढ़ावा देने की अपील की।
बता दे, इस साइकिल यात्रा ने शहर में पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य के प्रति नई चर्चा छेड़ दी है। विधायक की इस पहल को लोगों ने जागरूकता फैलाने वाला सकारात्मक प्रयास बताया।