Moradabad News: कुदरत का अनोखा करिश्मा, महिला ने 5 दिन में 4 बच्चों को दिया जन्म

Moradabad News : मुरादाबाद में संभल की महिला ने 5 दिन में 4 बच्चों को जन्म दिया, टीएमयू अस्पताल में दुर्लभ मामला सामने आया।

Update:2026-05-16 10:49 IST

Moradabad News, Rare Birth Case

Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में कुदरत का एक अनोखा करिश्मा देखने को मिला है। जनपद के दिल्ली रोड स्थित टीएमयू अस्पताल में एक बेहद दुर्लभ मामला सामने आया, जहां संभल निवासी अमीना नाम की महिला ने 5 दिनों के भीतर 4 बच्चों को जन्म दिया। इस अनोखी घटना की चर्चा अब पूरे इलाके में तेजी से फैल रही है।सबसे खास बात यह रही कि चारों बच्चों का जन्म सामान्य प्रसव से हुआ। डॉक्टरों के अनुसार महिला की प्रेग्नेंसी हाई रिस्क श्रेणी में थी और पहले से ही गर्भ में चार बच्चों की पुष्टि हो चुकी थी। इसी वजह से अस्पताल की विशेष मेडिकल टीम लगातार महिला की निगरानी कर रही थी।

9 से 14 मई तक हुए चार बच्चे

अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक 9 मई को अमीना ने पहले बेटे को जन्म दिया था। इसके बाद 14 मई को दोबारा प्रसव हुआ, जिसमें एक बेटे और दो बेटियों का जन्म हुआ।डॉक्टरों के मुताबिक चार बच्चों की डिलीवरी सामान्य तरीके से होना अपने आप में बेहद दुर्लभ मामला है। जन्म के समय एक नवजात की हालत कमजोर थी, जिसके चलते उसे कुछ समय के लिए वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया। हालांकि बाद में उसकी हालत में सुधार हो गया।

मां और चारों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ

अस्पताल प्रशासन के अनुसार फिलहाल मां और चारों बच्चे स्वस्थ हैं। इस अनोखी घटना के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों ने सफल इलाज और सुरक्षित प्रसव के लिए डॉक्टरों और मेडिकल टीम का आभार जताया है।

बच्चों को देखने के लिए लग रहा लोगों का तांता

चार बच्चों के जन्म की खबर इलाके में आग की तरह फैल गई। अब महिला और नवजात बच्चों को देखने के लिए लोगों का तांता लगा हुआ है। आसपास के इलाके में भी इस अनोखी घटना की चर्चा जोरों पर है।

लोग इसे कुदरत का करिश्मा बता रहे हैं, वहीं डॉक्टर भी इस मामले को बेहद दुर्लभ मान रहे हैं।

Tags:    

Similar News