Prayagraj News: प्रयागराज में डॉ. रमेश कुमार भारती बने विधिक सहायता केंद्र संयोजक
Prayagraj News: सीएमपी डिग्री कॉलेज के विधिक सहायता केंद्र की नई समिति में डॉ. गौरव पटेल सह-संयोजक बने, विधिक साक्षरता और ग्रामीण सेवा कार्यक्रमों को मिलेगा विस्तार।
प्रयागराज में डॉ. रमेश कुमार भारती बने विधिक सहायता केंद्र संयोजक (Photo- Newstrack)
Prayagraj News: इलाहाबाद विश्वविद्यालय के संघटक सीएमपी डिग्री कॉलेज, प्रयागराज के विधिक सहायता एवं सेवा केंद्र के संयोजक पद पर विधि विभाग के सहायक आचार्य डॉ. रमेश कुमार भारती को नियुक्त किया गया है। केंद्र की नई समिति में डॉ. गौरव पटेल को सह-संयोजक बनाया गया है। इसके साथ ही डॉ. रमेश कुमार सिंह, डॉ. राकेश कुमार गौतम, डॉ. तुषार श्रीवास्तव और डॉ. अंजलिका को समिति का सदस्य बनाया गया है।
ग्रामीण परिवेश से निकलकर शिक्षा और समाजसेवा में बनाई पहचान
सदरेपुर गांव के किसान परिवार से आने वाले डॉ. रमेश कुमार भारती ने ग्रामीण परिवेश से निकलकर शिक्षा, शोध और समाजसेवा के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने बीएचयू से एलएलबी, डॉ. बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय, लखनऊ से एलएलएम और इलाहाबाद विश्वविद्यालय से डीफिल की उपाधि प्राप्त की है। वह वर्ष 2018 से सीएमपी डिग्री कॉलेज के विधि विभाग में सहायक आचार्य के रूप में कार्यरत हैं।
कॉलेज की कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं
डॉ. रमेश कुमार भारती इससे पहले विधिक सहायता एवं सेवा केंद्र के सह-संयोजक की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इसके अलावा वह महाविद्यालय की विभिन्न महत्वपूर्ण समितियों और प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। उनके चार संपादित ग्रंथ प्रकाशित हो चुके हैं। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में उनके शोध लेख भी प्रकाशित हुए हैं। डिजिटल माध्यम के जरिए भी वह विधिक शिक्षा के प्रसार के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।
विद्यार्थियों को मिलेगा व्यावहारिक विधिक ज्ञान
सीएमपी डिग्री कॉलेज के विधि विभागाध्यक्ष डॉ. शिव शंकर सिंह ने कहा कि डॉ. रमेश कुमार भारती की नियुक्ति से विधिक सहायता एवं सेवा केंद्र की गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी। उनके अनुभव और सक्रियता से विद्यार्थियों को व्यावहारिक विधिक ज्ञान प्राप्त होगा। साथ ही समाज के जरूरतमंद वर्गों तक विधिक सहायता और जागरूकता पहुंचाने के प्रयास भी और प्रभावी होंगे।
जरूरतमंद लोगों तक न्याय और विधिक परामर्श पहुंचाने का प्रयास
नियुक्ति के बाद डॉ. रमेश कुमार भारती ने कहा कि उनका प्रयास विधिक सहायता केंद्र को गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों तक न्याय तथा विधिक परामर्श पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनाना होगा। विद्यार्थियों की सहभागिता से विधिक साक्षरता, महिला एवं बाल अधिकार, साइबर अपराध, उपभोक्ता अधिकार, पर्यावरण कानून और ग्रामीण विधिक सेवा से जुड़े कार्यक्रमों को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा।
महाविद्यालय परिवार ने दी बधाई
डॉ. रमेश कुमार भारती की नियुक्ति पर महाविद्यालय परिवार, शिक्षकों, विद्यार्थियों और शुभचिंतकों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। सभी ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए विधिक सहायता एवं सेवा केंद्र के माध्यम से समाज के जरूरतमंद लोगों तक विधिक सहायता और जागरूकता पहुंचाने की दिशा में बेहतर काम की उम्मीद जताई है।