कड़ी सुरक्षा के बीच आज दफन होगा अतीक अहमद का बेटा अबान, पिता की कब्र के पास सुपुर्द-ए-खाक की तैयारी
झांसी सड़क हादसे में जान गंवाने वाले अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद का आज जुमे की नमाज के बाद प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में जनाजा और सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
Aban Ahmed Funeral Today: झांसी सड़क हादसे में जान गंवाने वाले माफिया से नेता बने अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद को आज (शुक्रवार) जुमे की नमाज के बाद प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। परिवार की तैयारी है कि अबान को उनके पिता अतीक अहमद और भाई असद अहमद की कब्र के पास दफनाया जाए। प्रशासन ने जनाजे को देखते हुए कब्रिस्तान और आसपास के इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
कसारी-मसारी कब्रिस्तान कब्र खोदकर तैयार कर दी गई है। जनाजा निकलने और नमाज के बाद कब्र में मिट्टी डाली जाएगी।
भाइयों को जनाजे में शामिल कराने की कोशिश
अबान के बड़े भाई अली अहमद और उमर अहमद, जो अलग-अलग जेलों में बंद हैं, उन्हें अंतिम संस्कार में शामिल कराने के लिए परिवार ने अदालत और प्रशासन से अनुमति की मांग की है। वहीं, अबान के जुड़वां भाई अहजम (अजहम) अहमद भी झांसी पहुंचे थे और उन्होंने अपने भाइयों को अंतिम विदाई में शामिल होने देने की अपील की है।
शाइस्ता परवीन पर भी रहेगी पुलिस की नजर
जनाजे के दौरान पुलिस की नजर अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन पर भी रहेगी। शाइस्ता अभी भी फरार हैं और आशंका जताई जा रही है कि वह बेटे के अंतिम संस्कार में पहुंचने की कोशिश कर सकती हैं। इसी वजह से प्रयागराज में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ा दी गई है।
कैसे हुआ हादसा?
अबान अहमद की गुरुवार सुबह झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में कानपुर-झांसी हाईवे पर सड़क हादसे में मौत हो गई थी। वह अपने साथियों के साथ एसयूवी से झांसी जेल में बंद भाई अली अहमद से मिलने जा रहे थे। पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और एसयूवी डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में अबान और उनके साथी सोनू उर्फ जाकिर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और हाईवे के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
विपक्ष ने उठाए जांच के सवाल
सड़क हादसे के बाद विपक्ष ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है। कुछ नेताओं ने इस हादसे की तुलना विकास दुबे मामले में हुए वाहन हादसे से करते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जांच में किसी तरह की साजिश या लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।