Prayagraj: समाधान दिवस में 160 शिकायतें, 8 का मौके पर निस्तारण, डीएम ने अधिकारियों को लगाई फटकार
Prayagraj News: प्रयागराज के तहसील सदर में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में 160 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 8 का मौके पर निस्तारण किया गया।जिलाधिकारी ने लापरवाही पर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए।
Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जनपद के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को तहसील सदर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। समाधान दिवस में कुल 160 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 8 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निपटाने के निर्देश दिए गए।समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।डीएम ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों की जमीनी स्तर पर जांच कर वास्तविक स्थिति के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और शिकायतकर्ता को संतुष्ट करने का भी प्रयास किया जाए।
राजस्व विभाग से सबसे अधिक शिकायतें
सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त 160 शिकायतों में सर्वाधिक 91 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। इसके अलावा पुलिस विभाग की 35 तथा अन्य विभागों से जुड़ी 34 शिकायतें दर्ज की गईं।जिलाधिकारी ने शेष लंबित मामलों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अनावश्यक विलंब की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वरासत और अवैध कब्जों के मामलों पर विशेष जोर
डीएम ने समाधान दिवस में आए वरासत, अवैध कब्जा और भूमि विवाद से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रार्थना पत्रों की अलग-अलग श्रेणियों में सूची बनाकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।जनसुनवाई के बाद जिलाधिकारी ने तहसील कार्यालय परिसर का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। साथ ही पुराने निष्प्रयोजन शौचालय भवन को हटाने, दूसरे शौचालय की मरम्मत कराने तथा परिसर की स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।समाधान दिवस में अपर जिलाधिकारी (नगर) सत्यम मिश्र, उपजिलाधिकारी सदर अभिषेक सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया में शामिल हुए।समाधान दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनकर प्रशासन ने यह भरोसा दिलाया कि सभी मामलों का निष्पक्ष और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।