Raebareli में 28 नवंबर को गरजेंगे चिराग पासवान करेंगे बहुजन भीम संकल्प समागम

Raebareli News: लोजपा (रामविलास) के स्थापना दिवस पर जीआईसी मैदान में होगी जनसभा, सांसद अरुण भारती ने डीएम से मुलाकात कर तैयारियों का लिया जायजा।

Update:2026-11-27 19:12 IST

Raebareli में 28 नवंबर को गरजेंगे चिराग पासवान करेंगे बहुजन भीम संकल्प समागम (Photo- Newstrack)

Raebareli News: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के स्थापना दिवस के अवसर पर 28 नवंबर को शहर के जीआईसी मैदान में ‘बहुजन भीम संकल्प समागम’ का आयोजन किया जाएगा। इस जनसभा में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर पार्टी के सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अरुण भारती ने शुक्रवार को जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने जनसभा स्थल जीआईसी मैदान का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

इस दौरान सांसद अरुण भारती ने कांग्रेस नेता एवं रायबरेली सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में जनसभा आयोजित कर कांग्रेस की दलित राजनीति की वास्तविकता जनता के सामने रखी जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संविधान और आरक्षण खतरे में होने का मुद्दा उठाकर दलितों का वोट हासिल किया, लेकिन जब दलित समाज पर अत्याचार की घटनाएं हुईं तो राहुल गांधी की आवाज सुनाई नहीं दी।

अरुण भारती ने सवाल उठाया कि पिछले ढाई वर्षों में राहुल गांधी एक ऐसा उदाहरण बताएं, जहां संविधान खतरे में पड़ा हो या आरक्षण समाप्त किया गया हो। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में दलितों के साथ हुई कई घटनाओं पर राहुल गांधी की चुप्पी सवाल खड़े करती है। उन्होंने कांग्रेस के पुराने इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि पार्टी ने दलितों का वोट तो लिया, लेकिन उनके साथ न्याय और सम्मान की लड़ाई नहीं लड़ी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में आरक्षण को लेकर पहले प्रधानमंत्री की टिप्पणियां भी दलित समाज के प्रति पार्टी की सोच को दर्शाती हैं। राहुल गांधी को बताना चाहिए कि क्या दलित समाज देश का दूसरे दर्जे का नागरिक है? उन्होंने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का चुनाव हराने वालों को सम्मानित किए जाने का मुद्दा भी उठाया।

अरुण भारती ने जसराज सरोज, होलागढ़ के हिमांशु सरोज और मथुरा में महेश कुमार के परिवार से जुड़ी घटनाओं का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इन मामलों में कांग्रेस और राहुल गांधी ने अपेक्षित आवाज नहीं उठाई। उन्होंने कहा कि क्या दलित, पासी और पासवान समाज केवल वोट देने के लिए पैदा हुआ है? चुनाव के समय उनका वोट चाहिए, लेकिन संकट के समय उनके साथ खड़े होने की जरूरत महसूस नहीं होती।

उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी उत्तर प्रदेश में अपने समाज को संगठित कर राजनीतिक भागीदारी का नया संदेश देना चाहती है। अब दलित समाज को सपा और कांग्रेस से उधार के नेताओं की जरूरत नहीं है। समाज अपने बीच से ही नेतृत्व तैयार करने में सक्षम है।

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर अरुण भारती ने कहा कि वह उत्तर प्रदेश के प्रभारी हैं और पार्टी चुनाव की तैयारियों में जुटी है। गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर अंतिम निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान और गठबंधन के सहयोगी दल आपसी बातचीत से करेंगे। उन्होंने कहा कि 28 नवंबर की जनसभा में चिराग पासवान जनता के बीच अपनी बात रखेंगे।

Tags:    

Similar News