Raebareli News: डलमऊ में कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारी पूरी, 24 दिसंबर को उमड़ेगी भीड़
Raebareli News: डलमऊ के गंगा घाटों पर सफाई और सजावट तेज, लाखों श्रद्धालु करेंगे स्नान। भारी वाहनों पर रोक के साथ रूट डायवर्जन और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गई।
डलमऊ में कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारी पूरी, 24 दिसंबर को उमड़ेगी भीड़ (Photo- Newstrack)
Raebareli News: रायबरेली। कार्तिक पूर्णिमा का पर्व स्नान, दीपदान, पूजा-अर्चना और दान-पुण्य के लिए विशेष महत्व रखता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध किया था। इस विजय की खुशी में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था, जिसके चलते कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के नाम से भी जाना जाता है। इस पावन अवसर पर 24 दिसंबर को ऐतिहासिक डलमऊ गंगा घाट पर प्रांतीय कार्तिक पूर्णिमा मेले का आयोजन होगा, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। डलमऊ के वीआईपी घाट सहित अन्य गंगा घाटों पर साफ-सफाई, सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। घाटों पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के साथ ही अधिकारी लगातार निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं, ताकि मेले के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।
जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने वीआईपी घाट सहित मेला स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि डलमऊ के साथ-साथ गंगा किनारे स्थित अन्य घाटों पर भी श्रद्धालुओं के स्नान के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।
उन्होंने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव किया जाएगा। भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग की बेहतर व्यवस्था की जा रही है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
डलमऊ का कार्तिक पूर्णिमा मेला धार्मिक पहचान के लिए प्रसिद्ध
डलमऊ का कार्तिक पूर्णिमा मेला अपनी ऐतिहासिक और धार्मिक पहचान के लिए प्रसिद्ध है। यहां आधुनिक यातायात के साधन उपलब्ध होने के बावजूद आज भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी पुरानी परंपराओं और मान्यताओं को जीवित रखते हुए बैलगाड़ियों से गंगा स्नान के लिए पहुंचते हैं। कार्तिक पूर्णिमा की सुबह गंगा तट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ता है। गंगा स्नान, दीपदान और पूजा-अर्चना के साथ पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठता है।
मेले के दौरान विभिन्न कलाकारों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे, जो मेले के आकर्षण को और बढ़ाएंगे। धार्मिक आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक रंगों से सजा डलमऊ का यह ऐतिहासिक मेला एक बार फिर श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए तैयार हो रहा है।