Raebareli News: रायबरेली में दो भीषण सड़क हादसे: चालक समेत दो की मौत, 11 श्रद्धालु घायल
Raebareli News:रायबरेली में दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 11 श्रद्धालु घायल हो गए। गंगा एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं से भरी वैन डिवाइडर से टकराकर पलट गई, जिसमें चालक की मौत हो गई।
Raebareli News
Raebareli News: जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए दो भीषण सड़क हादसों में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 11 श्रद्धालु घायल हो गए। हादसों की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। दोनों घटनाओं ने परिवारों की खुशियां मातम में बदल दीं।
गंगा एक्सप्रेसवे पर पलटी श्रद्धालुओं से भरी वैन, चालक की मौत, 11 घायल
पहली घटना जगतपुर थाना क्षेत्र के गंगा एक्सप्रेसवे की है। महाराष्ट्र के जालना जिले से श्रद्धालु वैन में सवार होकर काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि रास्ते में चालक उमेश (27) को अचानक झपकी आ गई, जिससे वैन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वैन में सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई।दुर्घटना में चालक उमेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 श्रद्धालु घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जगतपुर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बेटी के तिलक की तैयारी में घर से निकले नीरज की सड़क हादसे में मौत
दूसरी दर्दनाक घटना लालगंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर रोड पर ज्ञानू ढाबा के पास हुई। यहां तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान लालगंज थाना क्षेत्र के तोड़िया का पूर्वा गांव निवासी नीरज सिंह के रूप में हुई है।बताया जा रहा है कि नीरज सिंह के घर में खुशियों का माहौल था। अगले दिन उनकी बेटी का तिलक समारोह होना था। इसी कार्यक्रम की तैयारियों के सिलसिले में वह घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गए। बेटी के तिलक समारोह से ठीक पहले पिता की मौत की खबर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में मांगलिक कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं, वहां चीख-पुकार गूंजने लगी।
दोनों घटनाओं की सूचना पर संबंधित थाना पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। एक ओर जहां गंगा एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में श्रद्धालुओं की यात्रा मातम में बदल गई, वहीं दूसरी ओर नीरज सिंह की मौत ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।