सुबह अंग्रेजी की परीक्षा, दोपहर में शिक्षक हितों की लड़ाई... रायबरेली के शिक्षक बने ‘सुपरमैन’

Raebareli News: रायबरेली में अंग्रेजी की परीक्षा कराने के बाद शिक्षक 12 सूत्रीय मांगों को लेकर विकास भवन पहुंचे। पुरानी पेंशन बहाली और पदोन्नति समेत कई मांगों पर किया प्रदर्शन।

Update:2026-11-18 18:44 IST

Raebareli News: रायबरेली। शिक्षक अपनी जिम्मेदारियों को लेकर कितने सजग हैं और अपनी समस्याओं को लेकर कितने संघर्षशील, इसकी तस्वीर बुधवार को रायबरेली में देखने को मिली। सुबह स्कूलों में अंग्रेजी विषय की परीक्षा संपन्न कराने की जिम्मेदारी निभाई तो दोपहर होते-होते शिक्षक अपनी 12 सूत्रीय मांगों को लेकर विकास भवन पहुंच गए। एक तरफ विद्यार्थियों का भविष्य संवारने की जिम्मेदारी और दूसरी तरफ अपने अधिकारों की लड़ाई। दोनों मोर्चों पर डटे शिक्षकों की इस दोहरी भूमिका को देखकर यही कहा जा सकता है कि रायबरेली के शिक्षक किसी ‘सुपरमैन’ से कम नहीं हैं।

उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला के नेतृत्व में विकास भवन परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। जनपद के सभी विकासखंडों से बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं और संगठन के पदाधिकारियों ने पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद की। शिक्षकों ने पुरानी पेंशन बहाली, लंबित पदोन्नति, द्वितीय शनिवार को अवकाश सहित 12 सूत्रीय मांगों के समाधान की मांग उठाई।


धरने की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला ने कहा कि शिक्षक समाज अब अपने अधिकार, सम्मान और स्वाभिमान की लड़ाई को निर्णायक मोड़ तक ले जाने के लिए तैयार है। उन्होंने पुरानी पेंशन बहाल किए जाने की मांग की।

जिला मंत्री मुकेश चन्द्र द्विवेदी ने कहा कि अभिलेखों की जांच के नाम पर शिक्षकों का उत्पीड़न किया जा रहा है और बार-बार उनके सम्मान पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। जिला संघर्ष समिति के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी ने लंबे समय से लंबित पदोन्नति प्रक्रिया तत्काल पूरी कराने की मांग उठाई। वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि शिक्षकों की समस्याएं किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे शिक्षक समाज की हैं।

जिला कोषाध्यक्ष सुधीर सिंह ने द्वितीय शनिवार को शिक्षकों के लिए भी अवकाश घोषित करने की मांग की। जिला संयुक्त मंत्री चंद्रमणि बाजपेयी ने कहा कि शिक्षक समाज को कमजोर करने के किसी भी प्रयास का संगठन एकजुट होकर जवाब देगा। महिला शिक्षक समिति की जिलाध्यक्ष गीता त्रिपाठी और जिला मंत्री पूनम सिंह ने महिला शिक्षिकाओं की समस्याओं के समाधान तथा उनके सम्मान की रक्षा को संगठन की प्राथमिकता बताया।

जनपदीय संघर्ष समिति के कार्यवाहक अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने कहा कि संघर्ष ही अधिकार प्राप्ति का मार्ग है। जब तक शिक्षकों की जायज मांगों का समाधान नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा।

धरने में जिला उपाध्यक्ष जटाशंकर बाजपेयी, सत्येश सिंह, बृजकिशोर चौधरी, उमेश त्रिवेदी, शशि प्रकाश श्रीवास्तव, छाया पाण्डेय, अनुराग शुक्ला, जिला संगठन मंत्री विनीत त्रिवेदी, रामजी सरोज, पुष्पेंद्र सिंह, धर्मराज यादव, नीरज शुक्ला, जिला ऑडिटर गंगा चरण भारती सहित सभी विकासखंडों के अध्यक्ष, मंत्री और बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।

धरने के समापन पर संगठन ने स्पष्ट किया कि शिक्षक पहले की तरह अपने शैक्षणिक दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे, लेकिन अपने अधिकारों और सम्मान की अनदेखी भी बर्दाश्त नहीं करेंगे। मांगों का समाधान होने तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया। सुबह परीक्षा और दोपहर में आंदोलन के जरिए शिक्षकों ने यह संदेश दिया कि वे विद्यार्थियों के भविष्य के साथ-साथ अपने हक की लड़ाई लड़ने का भी माद्दा रखते हैं।

Tags:    

Similar News