Raebareli News: तीन-चार महीने से पानी की सप्लाई ठप, बूंद-बूंद पानी के लिए भटक रहे ग्रामीण

Raebareli News: गांव का बोर खराब होने से पेयजल संकट, निजी सबमर्सिबल के सहारे बुझ रही प्यास, एक किलोमीटर दूर से पानी लाने को मजबूर ग्रामीणों ने सीएम से लगाई गुहार।

Update:2026-11-18 16:46 IST

तीन-चार महीने से पानी की सप्लाई ठप, बूंद-बूंद पानी के लिए भटक रहे ग्रामीण (Photo- Newstrack)

Raebareli News: रायबरेली के गांवों में हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के सरकारी दावों के बीच रायबरेली के एक गांव में ग्रामीणों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। यहां पिछले तीन से चार महीने से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी है। गांव में पानी की सप्लाई करने वाला बोर खराब होने के कारण लोगों के सामने पेयजल का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। हालात ऐसे हैं कि ग्रामीणों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी जुटाने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।

तीन-चार महीने से गांव में नहीं आ रहा पानी

ग्रामीण महिला रजनी ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि पिछले तीन से चार महीने से गांव में पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। पानी की आपूर्ति करने वाला बोर खराब हो गया है, जिसके चलते पूरे गांव के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के सामने सबसे बड़ी समस्या रोजाना पीने और दूसरे जरूरी कामों के लिए पानी का इंतजाम करना है।

फिलहाल गांव के आसपास रहने वाले कुछ लोगों ने अपने निजी सबमर्सिबल लगा रखे हैं। जब ये लोग अपनी मोटर चलाते हैं तो वहां लगी टोटियों से पानी मिल जाता है। ग्रामीण इन्हीं निजी सबमर्सिबल के सहारे किसी तरह अपनी जरूरतें पूरी कर रहे हैं। हालांकि, यह सुविधा सभी ग्रामीणों को उपलब्ध नहीं है।

एक किलोमीटर दूर से पानी लाने को मजबूर ग्रामीण

रजनी के मुताबिक, जिन लोगों के पास निजी सबमर्सिबल से पानी लेने की सुविधा नहीं है, उन्हें पानी के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता है। कई ग्रामीण साइकिल से पानी लेने जाते हैं और उन्हें करीब एक-एक किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। गांव में हर व्यक्ति अपनी सुविधा और सामर्थ्य के हिसाब से पानी का इंतजाम कर रहा है। ऐसे में लोगों का रोजमर्रा का काम भी प्रभावित हो रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लगाई मदद की गुहार

गांव की महिला रजनी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भावुक अपील करते हुए पेयजल संकट का जल्द समाधान कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि गांव के लोग पानी के लिए बेहद परेशान हैं। यदि सरकार उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए इसका समाधान करा दे तो ग्रामीणों को बड़ी राहत मिल सकती है।

खराब बोर की मरम्मत नहीं होने पर उठे सवाल

अब सवाल यह है कि आखिर तीन से चार महीने से खराब पड़े बोर की मरम्मत कराकर गांव में पेयजल आपूर्ति बहाल क्यों नहीं की गई। ग्रामीणों को कब तक निजी सबमर्सिबल और दूसरे लोगों के सहारे पानी का इंतजाम करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों से जल्द से जल्द खराब बोर को दुरुस्त कराने और गांव में नियमित जलापूर्ति शुरू कराने की मांग की है, ताकि लोगों को पानी के लिए इस तरह परेशान न होना पड़े।

Tags:    

Similar News