Raebareli News: डलमऊ कार्तिक पूर्णिमा मेले में स्वास्थ्य विभाग की सात टीमें रहेंगी मुस्तैद
Raebareli News: रायबरेली के डलमऊ मेले में श्रद्धालुओं को 24 घंटे चिकित्सा सुविधा मिलेगी। सात टीमें दो शिफ्टों में काम करेंगी और सभी स्वास्थ्य कर्मियों को सीपीआर ट्रेनिंग दी गई।
डलमऊ कार्तिक पूर्णिमा मेले में स्वास्थ्य विभाग की सात टीमें रहेंगी मुस्तैद (Photo- Newstrack)
Raebareli News: डलमऊ में आयोजित होने वाले कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देश पर मेले के दौरान सात मेडिकल टीमें और सात एंबुलेंस तैनात रहेंगी। श्रद्धालुओं को 24 घंटे चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सभी मेडिकल टीमें दो शिफ्टों में काम करेंगी।
दो शिफ्टों में 24 घंटे उपलब्ध रहेगी चिकित्सा सुविधा
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग ने मेले के दौरान चिकित्सा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. नवीन कुमार ने बताया कि मेले में स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सात मेडिकल टीमें तैनात की गई हैं। सभी टीमें दो शिफ्टों में अपनी जिम्मेदारी निभाएंगी, जिससे श्रद्धालुओं को दिन-रात बिना किसी रुकावट के चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। इसके अलावा किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सात एंबुलेंस भी तैनात की गई हैं।
सभी स्वास्थ्य कर्मियों को दी गई सीपीआर की विशेष ट्रेनिंग
इस बार स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों में खास बात यह है कि मेडिकल टीम में शामिल सभी स्वास्थ्य कर्मियों को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। इसका उद्देश्य गंगा स्नान के दौरान किसी श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने, सांस लेने में परेशानी होने या हृदय संबंधी आपात स्थिति पैदा होने पर तुरंत प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराना है। सीपीआर का प्रशिक्षण प्राप्त स्वास्थ्य कर्मी जरूरत पड़ने पर मौके पर ही जीवनरक्षक प्रक्रिया शुरू कर सकेंगे, जिससे आपात स्थिति में श्रद्धालु को समय पर मदद मिल सकेगी।
आपदा प्रबंधन विभाग ने भी पूरी की तैयारियां
वहीं, गंगा घाटों पर किसी भी अप्रिय घटना या आपदा जैसी स्थिति से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन विभाग ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग मिलकर मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर काम कर रहे हैं। दोनों विभागों की संयुक्त कोशिश है कि कार्तिक पूर्णिमा मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण मिले और जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।