Raebareli News: एम्स रायबरेली में क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण अंतिम चरण में

Raebareli News: परियोजना के लिए अब तक 17.16 करोड़ रुपये जारी, जल्द मिलेंगे 5.53 करोड़ रुपये, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने विधायक अदिति सिंह को पत्र भेजकर दी जानकारी।

Update:2026-11-26 20:06 IST

एम्स रायबरेली में क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण अंतिम चरण में (Photo- Newstrack)

Raebareli News:  जिलेवासियों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एम्स रायबरेली में एक बड़ी परियोजना अब अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन (PM-ABHIM) के तहत स्वीकृत क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। परियोजना के लिए अब तक 17.16 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं, जबकि 5.53 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि जल्द जारी होने की प्रक्रिया में है।

इस संबंध में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने रायबरेली सदर विधायक अदिति सिंह को 16 नवंबर 2026 को पत्र भेजकर जानकारी दी है। केंद्रीय मंत्री ने विधायक द्वारा 12 सितंबर 2026 को भेजे गए पत्र का संदर्भ देते हुए बताया कि एम्स रायबरेली में क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक के निर्माण के लिए 17.16 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की जा चुकी है। शेष 5.53 करोड़ रुपये जारी करने की प्रक्रिया भी चल रही है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने अपने पत्र में यह भी बताया है कि परियोजना का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इसके पूरा होने के बाद रायबरेली सहित आसपास के जनपदों के गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार सुविधाएं मिल सकेंगी। विशेष रूप से गंभीर बीमारियों, दुर्घटनाओं और अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में यह ब्लॉक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।


 


सदर विधायक अदिति सिंह ने इस प्रगति को क्षेत्रवासियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि रायबरेली में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की पहल के लिए आभार जताया। साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का भी सहयोग और जानकारी उपलब्ध कराने के लिए धन्यवाद किया।

एम्स रायबरेली में क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक का निर्माण पूरा होने से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दूसरे बड़े शहरों की ओर जाने की निर्भरता कम करने और स्थानीय स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है।

Tags:    

Similar News