Raebareli News: साइबर ठगी का बड़ा मामला, आधार से छेड़छाड़ कर खोला गया फर्जी बैंक खाता
Raebareli News: रायबरेली में युवक के आधार कार्ड का मोबाइल नंबर बदलकर उसके नाम पर फर्जी बैंक खाता खोलने का मामला सामने आया, साइबर पुलिस से जांच की मांग की गई।
साइबर ठगी का बड़ा मामला, आधार से छेड़छाड़ कर खोला गया फर्जी बैंक खाता (Photo- Social Media)
Raebareli News: रायबरेली में साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक के आधार कार्ड से कथित तौर पर छेड़छाड़ कर उसके नाम पर फर्जी बैंक खाता खोलने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित अजहर आलम ने साइबर क्राइम पुलिस थाना रायबरेली में शिकायत देकर मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ये है पूरा मामला
अजहर आलम, निवासी प्रकाश नगर कैनाल रोड एवं मॉडर्न केमिस्ट अस्पताल चौराहा, रायबरेली ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि किसी अज्ञात जालसाज ने उनके आधार कार्ड में दर्ज मोबाइल नंबर 9984597430 को अवैध तरीके से बदलकर दूसरा नंबर 8486109224 दर्ज करा दिया। आरोप है कि इसी बदले हुए आधार विवरण का उपयोग कर इंडियन ओवरसीज बैंक में उनके नाम से एक बैंक खाता खोल लिया गया।
पीड़ित के अनुसार उन्हें इस पूरे फर्जीवाड़े की जानकारी तब हुई जब बैंक की ओर से उनके पते पर एक आधिकारिक पत्र प्राप्त हुआ। पत्र मिलने के बाद जब वह संबंधित बैंक शाखा पहुंचे और अधिकारियों से जानकारी मांगी, तो बैंक ने मामले की पूरी जानकारी और दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए 24 घंटे का समय मांगा।
अजहर आलम का कहना है कि उनके पहचान दस्तावेजों का दुरुपयोग कर बैंक खाता खोला गया है, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार के अवैध वित्तीय लेन-देन या साइबर अपराध की आशंका बनी हुई है। उन्होंने साइबर पुलिस से मामले की तत्काल जांच शुरू करने, फर्जीवाड़ा करने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा संबंधित बैंक खाते को तत्काल फ्रीज कराने की मांग की है।
मामला सामने आने के बाद साइबर सुरक्षा और पहचान संबंधी दस्तावेजों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अब सभी की नजर पुलिस जांच और बैंक की रिपोर्ट पर टिकी हुई है।