Raebareli News: रायबरेली के लाल लेफ्टिनेंट अमित कुमार का भव्य स्वागत, पूर्व सैनिकों ने किया सम्मान
Raebareli News: रायबरेली के लाल लेफ्टिनेंट अमित कुमार के गृह आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। पूर्व सैनिकों और स्थानीय लोगों ने उनका सम्मान करते हुए उनकी उपलब्धि को जिले के लिए गौरव का विषय बताया तथा युवाओं को उनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
Raebareli News(Photo-Social Media)
Raebareli News: जनपद के रामजीपुरम-बस्तेपुर निवासी सैनिक परिवार के गौरव लेफ्टिनेंट अमित कुमार भारतीय सेना का कठिन एवं चुनौतीपूर्ण प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद पहली बार अपने गृह जनपद रायबरेली पहुंचे। उनके आगमन पर जिले भर के पूर्व सैनिकों, समाजसेवियों और नागरिकों ने गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और शुभचिंतक एकत्रित हो गए थे। जैसे ही लेफ्टिनेंट अमित कुमार स्टेशन पहुंचे, उपस्थित लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और भारत माता की जय के नारों के बीच उनका स्वागत किया गया। इसके बाद एक भव्य स्वागत यात्रा निकाली गई, जिसमें शहर के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर उनका सम्मान किया।
लेफ्टिनेंट अमित कुमार के पिता राजेश कुमार भी इस अवसर पर भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि बेटे की इस उपलब्धि पर पूरे परिवार को गर्व है। वहीं उपस्थित पूर्व सैनिकों ने कहा कि अमित कुमार की सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनका सेना में अधिकारी बनना यह साबित करता है कि लगन, अनुशासन और कठोर परिश्रम के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
इस अवसर पर सैनिक प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव नरेंद्र सिंह फौजी, जितेंद्र बहादुर सिंह फौजी, अजय कुमार सिंह फौजी, वीरेंद्र कुमार सिंह फौजी, संजय सिंह फौजी, सतेंद्र सिंह फौजी, के.एल. मौर्य फौजी, शिवकुमार यादव फौजी, समाजसेवी महेंद्र अग्रवाल, मातृभूमि सेवा मिशन के जिलाध्यक्ष प्रदीप पांडेय, बी.पी. सिंह, मास्टर मनोज कुमार सहित जनपद के सैकड़ों पूर्व सैनिक और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने लेफ्टिनेंट अमित कुमार को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका यह सफर देशभक्ति, समर्पण और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है। रायबरेली के इस होनहार युवा की उपलब्धि पर पूरे जिले में गर्व और उत्साह का माहौल देखने को मिला।