Raebareli 24 अगस्त को रायबरेली आएंगे CM योगी, ₹50 करोड़ के ऑडिटोरियम समेत कई परियोजनाओं का लोकार्पण

Raebareli News: रायबरेली में 24 अगस्त को CM योगी का दौरा, राणा बेनी माधव को श्रद्धांजलि और करीब ₹50 करोड़ के ऑडिटोरियम समेत कई परियोजनाओं का लोकार्पण।

Update:2026-08-20 14:15 IST

Raebareli News:  कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में 24 अगस्त को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रस्तावित दौरा होने जा रहा है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने युद्ध स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ पुलिस विभाग भी सुरक्षा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दौरे के दौरान महान स्वतंत्रता सेनानी राणा बेनी माधव सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके अलावा लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री कई अन्य महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का भी शिलान्यास करेंगे, जिनसे जिले के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिलाधिकारी के नेतृत्व में सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पुलिस लाइन, डिग्री कॉलेज, विकास भवन, इंदिरा नगर सहित मुख्यमंत्री के संभावित आवागमन मार्गों पर विशेष साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, सौंदर्यीकरण, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। नगर पालिका, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग और अन्य एजेंसियां भी तैयारियों में जुटी हुई हैं।

सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक रणनीति तैयार की जा रही है। संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण, यातायात व्यवस्था और वीआईपी सुरक्षा को लेकर लगातार समीक्षा की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर किसी भी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जाएगी।

वहीं, राणा बेनी माधव स्मारक समिति के सदस्य भी मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जनसंपर्क और प्रचार-प्रसार में जुट गए हैं। शहर में कार्यक्रम को लेकर उत्साह का माहौल है और लोग मुख्यमंत्री के आगमन को जिले के विकास के लिए महत्वपूर्ण मान रहे हैं। प्रशासन का दावा है कि सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएंगी ताकि मुख्यमंत्री का दौरा सफल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Tags:    

Similar News