Raebareli News: बारिश का कहर! जिला अस्पताल डूबा, हादसे में घायल युवती जिला अस्पताल रेफर
Raebareli News: रायबरेली में मूसलाधार बारिश से जिला अस्पताल और विकास भवन में जलभराव हुआ। सड़क हादसे में घायल युवती को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
Raebareli News
Raebareli News: जिले में देर रात से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। बारिश के चलते जिला अस्पताल परिसर और विकास भवन में भारी जलभराव हो गया, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।जिला अस्पताल परिसर में जगह-जगह पानी भर जाने से इलाज कराने पहुंचे मरीजों और उनके तीमारदारों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा। जलभराव के कारण मरीजों को अस्पताल के विभिन्न वार्डों तक पहुंचने में दिक्कत हुई, वहीं फिसलने और संक्रमण का खतरा भी बना रहा। उधर विकास भवन परिसर में भी बारिश का पानी भर जाने से कर्मचारियों और आम लोगों को आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ी।
इसी बीच हरचंदपुर थाना क्षेत्र के प्यारेपुर रोड के पास एक युवती बेहोशी की हालत में मिली। सूचना मिलते ही स्थानीय बीपीएम आरती सिंह को सीएचओ द्वारा जानकारी दी गई। इसके बाद आरती सिंह ने तत्काल युवती को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हरचंदपुर भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया।आरती सिंह ने बताया कि सीएचओ ड्यूटी पर जाते समय युवती के घायल होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कर उसे अस्पताल पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर युवती को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।महाराजगंज निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती किसी कॉन्वेंट स्कूल में पढ़ने जा रही थी। सड़क पार करते समय किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। फिलहाल युवती का जिला अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।